इंदौर में 198 लोग अस्पताल में भर्ती, मौतों के आंकड़ों की होगी जांच : कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर में दूषित पानी पीने से बिगड़े हालात पर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अब तक करीब 198 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल कोई भी मरीज खतरे के दायरे में नहीं है. मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार की प्राथमिकता सभी लोगों की जान बचाना और उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है.
विजयवर्गीय ने मौतों के आंकड़ों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि अधिकारियों के अनुसार चार लोगों की मौत हुई है, जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि यह संख्या नौ तक पहुंच चुकी है. उन्होंने कहा कि इस अंतर की जांच की जाएगी और जिन परिवारों को नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा. इंदौर प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और प्रभावित इलाकों में साफ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.
