जोधपुर में होटल पर जेसीबी से तोड़फोड़, बदमाशों ने ग्राहकों को पीटा
जोधपुर शहर के करवड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात कुछ लोगों ने एक होटल पर हमला बोल दिया. हमलावर अपने साथ जेसीबी लाए थे, जिससे होटल के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की. इसके बाद होटल में तोड़फोड़ की. वहां मौजूद लोगों के दहशत फैल गई. कई लोगों से मारपीट भी की. होटल संचालक ने होटल व वाहनों समेत 40 लाख रुपए का नुकसान पहुंचाने व लोगों के साथ मारपीट का आरोप लगाया है.
पुलिस ने बताया कि होटल धरती माता के मालिक करनाराम विश्नोई ने रिपोर्ट में बताया कि मालाराम बेनीवाल व श्याम भवाद सहित अन्य लोग तीन फरवरी की रात करीब 11 बजे डंडे लाठियों के साथ होटल में घुसे थे. वाहनों के साथ तोड़फोड़ की. वहां मौजूद ग्राहक बीकानेर निवासी रामप्रसाद का हाथ तोड़ दिया. एसयूवी को इसलिए तोड़ा गया कि आरोपियों को अंदाजा था कि उसका भतीजा जितेंद्र उसमें है, जबकि वह नहीं था. वह अंदर होता तो उसकी जान चली जाती. एसीपी अनिल शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी मालाराम को पकड़ लिया हैं. अन्य की तलाश हैं.
घटना का सीसीटीवी सामने आया है. इसमें नजर आ रहा है कि किस तरह से बदमाशों ने आंतक मचाया था. जेसीबी से सीधे वहां खड़ी स्कॉर्पियो को तोड़ते हुए होटल के एक भाग से भिड़ा दिया. इसके बाद जेसीबी चालक ने एसयूवी को तोड़ने का क्रम जारी रखा. संचालक ने बताया कि एसयूवी तोड़ते समय जेसीबी के अलावा अन्य गाड़ी से आए बदमाशों ने होटल में घुसकर लोगों से मारपीट कर दहशत मचाई. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल जेसीबी को जब्त कर लिया.
होटल संचालक जितेंद्र विश्नोई ने बताया कि तीन फरवरी की रात करीब पौने ग्यारह बजे की घटना है. हमलावरों को पता था, वह व उसके पिताजी होटल में नहीं थे. जेसीबी व एक गाड़ी से 10 से 15 लोग आए थे. उन्होंने होटल के कर्मचारियों से मारपीट की. ग्राहकों पर हमला किया. हमारी कार, ट्रैक्टर, टैंकर तोड़ दिए. होटल की सीढ़ियां तोड़ दी. संचालक ने बताया कि हमलावरों का पूरे क्षेत्र में आतंक हैं.
