1400 साल जिंदा रहेगा इंसान, न बूढ़ा होगा- न बीमार

इंसानों के लिए आम तौर पर माना जाता है कि वह अधिक से अधिक 100 साल तक जिंदा रह सकता है. वैसे इस दुनिया में कुछ ऐसे अनोखे लोग भी हुए हैं, जो 100 साल की यह दहलीज पार कर चुके हैं. हालांकि उनकी संख्या इतनी कम है कि उंगलियों पर गिनी जा सकती है. लेकिन अगर कोई आपसे कहे कि आप 1,400 साल तक जिंदा रह सकते हैं. तो आपको हैरानी जरूर होगी. सुनने में यह कैप्टन अमेरिका और वूल्वरिन जैसी हॉलीवुड फिल्म की कहानी जैसा लगता है, लेकिन स्वीडिश दार्शनिक और ऑक्सफोर्ड के पूर्व प्रोफेसर निक बोस्ट्रोम ने इसके पीछे का पूरा गणित समझाया है. उनका मानना है कि सुपरइंटेलिजेंट AI अगर बुढ़ापे यानी एजिंग की प्रक्रिया को रोक दे, तो इंसान की औसत उम्र 1,200 से 1,400 साल तक पहुंच सकती है. आखिर कैसे काम करेगा यह चमत्कार और क्या सच में हम ‘हमेशा जवान’ रह पाएंगे?

प्रोफेसर निक बोस्ट्रोम ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान सुपरइंटेलिजेंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के संभावित फायदों पर बात करते हुए कहा, ‘अगर आप सोचें कि बुढ़ापा न आने की स्थिति में हमारी जीवन प्रत्याशा क्या होगी, तो यह करीब 1,200 या 1,400 साल के आसपास बैठती है.’ उन्होंने अपने 2026 के वर्किंग पेपर ‘ Optimal Timing for Superintelligence’ में इस विचार के पीछे का गणित समझाया है. उनका तर्क है कि अगर वैज्ञानिक उम्र बढ़ने की जैविक प्रक्रिया को रोकने में सफल हो जाएं, तो इंसान को बढ़ती उम्र के साथ होने वाले कई खतरों का सामना नहीं करना पड़ेगा.
दरअसल आज उम्र बढ़ने के साथ शरीर की कोशिकाओं और ऊतकों में नुकसान होने लगता है. शरीर के अंदरूनी अंगों की कार्यक्षमता भी कमजोर पड़ने लगती है और कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. अगर इन बदलावों को रोक दिया जाए या लगातार ठीक किया जा सके, तो इंसान की मौत का सालाना जोखिम कम उम्र के स्वस्थ व्यक्ति के स्तर के आसपास बना रह सकता है.

बोस्ट्रॉम ने विकसित देशों में 20 से 25 साल की उम्र के स्वस्थ लोगों की मृत्यु दर को आधार बनाया है. उनके मुताबिक, इस समूह में सालाना मृत्यु का जोखिम लगभग 0.05 से 0.08 फीसदी होता है. इस गणना के लिए उन्होंने 0.07 फीसदी का उदाहरण लिया.
अगर यह जोखिम जीवनभर इसी स्तर पर बना रहे, तो इस हिसाब से औसत जीवन अवधि करीब 1,400 साल बैठती है. बोस्ट्रॉम ने अपने पेपर में इसी आधार पर यह अनुमान पेश किया है.
लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि इंसान अमर हो जाएगा. दुर्घटना, हिंसा और दूसरी वजहों से मौत का खतरा तब भी बना रहेगा. यह अनुमान केवल उस काल्पनिक स्थिति पर आधारित है, जिसमें उम्र बढ़ने से जुड़ा जोखिम खत्म हो जाए और सालाना मृत्यु दर बेहद कम बनी रहे.

बोस्ट्रॉम की उम्मीद सुपरइंटेलिजेंट एआई से जुड़ी है. उनका मानना है कि अगर भविष्य में AI इंसानी बुद्धिमत्ता से कहीं आगे निकल जाता है, तो वह जीव विज्ञान और चिकित्सा के क्षेत्र में खोजों की रफ्तार बहुत तेज कर सकता है.
ऐसी तकनीक वैज्ञानिकों को उन बीमारियों के इलाज खोजने में मदद कर सकती है, जिन्हें आज ठीक करना बेहद मुश्किल है. उम्र से प्रभावित कोशिकाओं और ऊतकों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त अंगों को दोबारा विकसित करना, कैंसर के अधिक सटीक इलाज और अल्जाइमर जैसी न्यूरोडीजेनेरेटिव बीमारियों से लड़ना इसके संभावित क्षेत्र हो सकते हैं.

बोस्ट्रॉम ने अपने पेपर में अल्जाइमर का उदाहरण देते हुए कल्पना की है कि भविष्य में खो चुके न्यूरॉन्स को दोबारा विकसित करके मरीज के मस्तिष्क को ठीक किया जा सकेगा.
हालांकि, AI के सामने कोई जादुई गोली खोजने का काम नहीं होगा. असली चुनौती शरीर की जटिल जैविक प्रक्रियाओं को समझने, नए इलाजों की पहचान करने, प्रयोगों को बेहतर बनाने और सुरक्षित दवाएं विकसित करने की होगी. AI इस काम में तेजी ला सकता है, लेकिन लैब में मिली सफलता को मरीजों के लिए प्रभावी इलाज में बदलना आज भी बेहद मुश्किल है.

उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने या उसके कुछ प्रभावों को पलटने के लिए वैज्ञानिक कई रास्तों पर काम कर रहे हैं. इनमें सेलुलर रीप्रोग्रामिंग, सेनोलिटिक्स, थाइमस को फिर से सक्रिय करने की कोशिश और जैविक उम्र मापने वाली तकनीकें शामिल हैं.
सेलुलर रीप्रोग्रामिंग में कोशिकाओं की जैविक अवस्था के कुछ पहलुओं को फिर से सेट करने की कोशिश की जाती है. सेनोलिटिक्स ऐसी प्रयोगात्मक विधियां हैं, जिनका लक्ष्य उन कोशिकाओं को हटाना है जो उम्र के साथ निष्क्रिय हो जाती हैं, लेकिन शरीर में सूजन और ऊतकों की खराबी को बढ़ावा दे सकती हैं.
थाइमस को फिर से सक्रिय करने पर भी शोध हो रहा है. यह अंग शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली में अहम भूमिका निभाता है. वहीं, जैविक उम्र मापने वाली ‘एजिंग क्लॉक्स’ के जरिये यह समझने की कोशिश की जा रही है कि किसी व्यक्ति का शरीर या उसके अलग-अलग अंग कितनी तेजी से बूढ़े हो रहे हैं.

लेकिन इन शोधों को अभी इंसान को सदियों तक जिंदा रखने का प्रमाण नहीं माना जा सकता. जैविक उम्र माप लेना और उसे वास्तव में उलट देना दो अलग बातें हैं. किसी बायोमार्कर में बदलाव दिखने का मतलब यह भी नहीं कि इंसान की उम्र बढ़ जाएगी.

विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, 2023 में दुनिया में औसत जीवन प्रत्याशा 73.3 साल थी, जबकि स्वस्थ जीवन प्रत्याशा 62.8 साल रही. यानी लोग पहले की तुलना में ज्यादा समय तक जी रहे हैं, लेकिन उनके जीवन के सभी अतिरिक्त साल अच्छी सेहत में नहीं गुजरते.
बुढ़ापे से जुड़ी बीमारियां भी बड़ी चुनौती बनी हुई हैं. WHO के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में दुनिया भर में हुई मौतों में गैर-संचारी बीमारियों की हिस्सेदारी 74 फीसदी थी. डिमेंशिया भी मौतों की एक महत्वपूर्ण वजह बनता जा रहा है.