बिहार में 4 IAS का तबादला, कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जगह, अधिसूचना जारी
बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार की ओर से रविवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। ध्यान रहे कि बिहार में अभी मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हुआ है। महज एक मुख्यमंत्री और दो डिप्टी सीएम के जिम्मे बिहार के सभी विभाग हैं। वैसे में इस तबादला को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंगथू को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें अब अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार के प्रधान सचिव के पद पर पदस्थापित कर दिया गया है। आज से वे अपनी जिम्मेदारी नए विभाग में संभालेंगे। वे काफी दिनों से राजभवन में तैनात थे। उसके अलावा अब गोपाल मीणा को चोंगथू की जगह पर भेजा गया है। गोपाल मीणा 2007 बैच के अधिकारी हैं। उन्हें राज्यपाल का सचिव नियुक्त किया गया है। मीणा इससे पहले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे।
प्रशासनिक फेरबदल की इस कड़ी में मो. सोहैल का भी तबादला किया गया है। अब उन्हें अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव पद से हटाकर उन्हें अब सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है। मीणा की तरह मो. सोहैल भी सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त के अपने अतिरिक्त प्रभार को जारी रखेंगे।
जानकारी के मुताबिक कृषि विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात शैलेंद्र कुमार- 2013, बैच वाले को जिले की कमान सौंपी गई है। उन्हें ट्रांसफर करते हुए लखीसराय का नया समाहर्ता और जिला पदाधिकारी डीएम बनाया गया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-14 के तहत उन्हें संबंधित जिले का जिला दंडाधिकारी भी नियुक्त किया गया है। लखीसराय में उनकी नियुक्ति को बड़े स्तर पर देखा जा रहा है। उम्मीद है कि उनके पदस्थापना से वहां के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
