उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 33 IAS और 24 PCS अधिकारियों का ट्रांसफर..देखें लिस्ट

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। सरकार ने 33 आईएएस और 24 पीसीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। पुष्कर सिंह धामी की अगुआई वाली सरकार ने देर रात दो अलग-अलग आदेश जारी कर 57 अधिकारियों के तबादले पर मुहर लगाई। आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारियों का ट्रांसफर तत्काल प्रभाव से किया जाता है। ऐसे में अधिकारियों को जल्द ही नई पोस्टिंग ज्वाइन करनी होगी। 1992 बैच के अधिकारी और मुख्य सचिव आनंद बर्धन से जलागम विभाग का प्रभार ले लिया गया है और 2003 बेच के अधिकारी दिलीप जावलकर को यह जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली इससे पहले वित्त, निर्वाचन और सहकारिता विभाग के सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उन्हें अब सहकारिता विभाग के सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। इंडियन फॉरेस्ट सर्विस के अधिकारी पराग मधुकर अब तक जलागम विभाग के मुख्य सचिव के रूप में काम कर रहे थे। उन्हें भी इस जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। 2012 बैच के अधिकारी आशीष कुमार चौहान अब तक पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारी थे। उन्हें अब इस पद से हटा दिया गया है और उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी का निदेशक बना दिया गया है। उन्हें खेल और युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। आशीष कुमार की जगह 2012 बैच की अधिकारी स्वाती एस भदौरिया को पौड़ी गढ़वाल का जिलाधिकारी बनाया गया है। स्वाति इससे पहले राज्यपाल की अपर सचिव, भाषा, तकनीकी शिक्षा और सिंचाई विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहीं थीं। स्वाति की जगह 2013 बैच की अधिकारी रीना जोशी को राज्यपाल का अपर सचिव बनाया गया है।