यूपी में 5 आईएएस अफसरों के तबादले, गिरिजेश कुमार त्यागी लोक सेवा आयोग के सचिव बने

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बार फिर आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। मिल रही जानकारी के मुताबिक, 5 आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंप दी गई है। आईएएस गिरिजेश कुमार त्यागी को यूपी लोक सेवा आयोग में बड़ी जिम्मेदारी दे दी गई है। यूपी में जिन 5 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है, उसमें आईएएस गुंजन द्विवेदी का नाम भी शामिल है। गुंजन द्विवेदी को स्वास्थ्य भारत मिशन (ग्रामीण) का मिशन निदेशक बनाया गया है। आईएएस गुंजन द्विवेदी मौजूदा समय में प्रतीक्षारत चल रही थीं। इसी तरह आईएएस रत्नेश सिंह को अपर निदेशक उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। रत्नेश सिंह मौजूदा समय में प्रतीक्षारत चल रहे थे।

तबादलों के क्रम में आईएएस अशोक कुमार को विशेष सचिव सिंचाई, जल संसाधन एवं परती भूमि विकास विभाग और कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस अशोक कुमार मौजूदा समय में सचिव यूपी लोक सेवा आयोग प्रयागराज के पद पर तैनात थे। वहीं, आईएएस गिरिजेश कुमार त्यागी को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज का सचिव नियुक्त किया गया है।

आईएएस गिरिजेश कुमार मौजूदा समय में विशेष सचिव उच्च शिक्षा विभाग और आरएमएल विश्वविद्यालय के कुल सचिव के पद पर तैनात थे। आईएएस अनीता वर्मा सिंह को विशेष सचिव उच्च शिक्षा विभाग बनाया गया है। साथ ही उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय लखनऊ का कुल सचिव भी बना दिया गया है। अनीता वर्मा सिंह मौजूदा समय में विशेष सचिव सिंचाई, जल संसाधन एवं परती भूमि विकास विभाग और कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।