पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान काे अटक जेल में ले जाया गया है, जो सी ग्रेड है और जिसमें कम से कम सुविधाएं हैं। पार्टी ने कहा है कि इमरान को जेल में खाना भी नहीं दिया जा रहा है। उनकी जिंदगी खतरे में है। जिस जेल में खान को रखा गया है, इसमें खूंखार कैदी रखे जाते हैं। राजनीतिक कैदियों को ए ग्रेड जेल में रखा जाता है। पहली बार किसी पूर्व प्रधानमंत्री को इस जेल में रखा जा रहा है।
तोशाखाना मामले में अदालत ने इमरान खान को तीन साल की कैद सुनाने के बाद इस्लामाबाद पुलिस को उनको गिरफ्तार कर अडियाल जेल ले जाने को कहा था, लेकिन पंजाब पुलिस ही उन्हें अटक जेल ले गई। पहले ही लाहौर पुलिस को अलर्ट पर रहने को कहा गया था, जो जमान पार्क के उनके घर से उन्हें ले गई।
पुलिस इमरान खान का मेडिकल कराने की बजाय सीधे जेल ले गए और वकीलों से मिलने भी नहीं दिया। यह फैसला उनके लिए तगड़ा झटका है, क्योंकि वे अगले साल हाेने वाला चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। अपनी पार्टी तहरीक ए इंसाफ के प्रमुख भी नहीं रह सकेंगे।
पाकिस्तान के सबसे बड़े प्रांत पंजाब में केवल दो जेल ऐसी हैं जहां पर कैदियों के लिए ‘ए’ क्लास की सुविधाएं मुहैया की गई हैं। इन दोनों जेलों में बहावलपुर जेल और रावलपिंडी की अडियाला जेल शामिल हैं। करीब 67 एकड़ में फैली अटक जेल का निर्माण ब्रिटिश शासकों ने 1905-06 में करवाया था। एक जेल अधिकारी ने बताया कि अटक जेल में इमरान खान के लिए VVIP सेल बनाया गया है, लेकिन इसमें AC नहीं है, सिर्फ पंखा है। बिस्तर और अटैच वॉशरूम है।
इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद इस बार कोई पूरे पाकिस्तान में कहीं भी कोई खास विरोध दिखाई नहीं दे रहा है। कराची में विरोध करते हुए उनके 19 समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। ऐहतियातन पंजाब प्रांत के कई जिलो में धारा 144 लगा दी गई है। इससे पहले मई में इमरान खान को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद पूरे पाकिस्तान में उपद्रव हुआ था और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले किए गए थे। इमरान खान के समर्थकों ने देश में भारी हिंसा की थी। उनके खिलाफ आतंकवाद, ईशनिंदा और भ्रष्टाचार के 140 से ज्यादा केस हैं।