भारत-अफगानिस्तान पहला वनडे, 5:15 बजे होगा टॉस, धर्मशाला में बारिश रुकी

बारिश के कारण भारत और अफगानिस्तान के पहले वनडे मैच में अब तक टॉस नहीं हो पाया है। मौसम विभाग ने शनिवार को धर्मशाला में 55% बारिश की संभावना जताई है। दोनों टीमें पहली बार आपस में वनडे सीरीज खेल रही हैं। इससे पहले दोनों ने वर्ल्ड कप और एशिया कप में मैच खेले हैं। विराट कोहली और हार्दिक पंड्या चोट के कारण सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। ऐसे में प्रिंस यादव और गुरनूर बरार में से एक को डेब्यू कैप मिल सकती है।

रोहित 39 साल, 44 दिन की उम्र में वनडे मैच खेलने वाले भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। वे मोहिंदर अमरनाथ का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे। अमरनाथ ने 1989 में 39 साल और 36 दिन की उम्र में आखिरी वनडे खेला था।

भारत और अफगानिस्तान के बीच 4 वनडे मैच खेले गए हैं। भारत ने तीन मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है।

अफगानिस्तान अभी तक भारत के खिलाफ वनडे में जीत दर्ज नहीं कर सका है। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2023 वनडे वर्ल्ड कप में दिल्ली में हुई थी, जहां भारत ने 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की थी।