बारिश के कारण भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20 मैच रुका, 4.5 ओवर में इंडिया का स्कोर 52/0
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। फिलहाल, बारिश के कारण खेल रोका गया है। फिलहाल भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी वापस डग आउट में लौट चुके हैं। 4.5 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 52 रन है। फिलहाल गिल 16 गेंद में 29 रन और अभिषेक 13 गेंद में 23 रन बनाकर क्रीज पर हैं। खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों को भी शेड में रहने के लिए कहा गया है।
अभिषेक को शुरुआती चार ओवरों के अंदर दो जीवनदान मिले। पहले ओवर की चौथी गेंद पर अभिषेक ने बेहतरीन चौका जड़ा। इसके बाद अगली गेंद पर वह फिर बड़े शॉट के लिए गए। हालांकि, गेंद लंबा जाने की जगह ऊंची गई और मिड ऑफ पर खड़े मैक्सवेल के पास पहुंची, लेकिन गेंद उनके हाथ से छिटक कर नीचे गिर गई। इस तरह अभिषेक को पहला जीवनदान मिला। इसके बाद चौथे ओवर में नाथन एलिस की गेंद पर अभिषेक ने फाइन लेग पर शॉट खेला, लेकिन गेंद ड्वारशुइस के हाथों से छिटक गई। वह तब 11 रन पर थे।
