हॉकी एशिया कप में भारत ने लगातार तीसरा मैच जीता, कजाकिस्तान को 15-0 से हराया

हॉकी एशिया कप में भारत ने लगातार तीसरा मैच जीत लिया। टीम ने कल सोमवार को कजाकिस्तान को 15-0 के बड़े अंतर से हराया। यह इस साल के टूर्नामेंट में सबसे बड़ी जीत के रिकॉर्ड की बराबरी रही। मलेशिया ने आज ही चीनी ताइपे को भी इसी अंतर से हराया था। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भारत के लिए अभिषेक, सुखजीत और जुगराज ने गोल की हैट्रिक लगाई। अभिषेक ने कुल 4 गोल दागे। वहीं रजिंदर सिंह, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, संजय और दिलप्रीत सिंह ने 1-1 गोल दागा। सुखजीत प्लेयर ऑफ द मैच रहे। भारत ने पहले ही रविवार को जापान को हराकर टूर्नामेंट के सुपर-4 में जगह बना ली थी। टीम ने पहले मैच में चीन को हराया था। पूल-ए से चीन ने भी सुपर-4 में जगह बनाई। पूल-बी से मलेशिया और साउथ कोरिया ने अगले राउंड में एंट्री की। कजाकिस्तान टीम दूसरी बार ही एशिया कप खेल रही थी, टीम टूर्नामेंट में 1 ही गोल कर सकी। भारत ने पहले क्वार्टर में 3 गोल दागने के बाद आखिरी 3 क्वार्टर में 4-4 गोल किए। आखिरी क्वार्टर में टीम से जुगराज, संजय, दिलप्रीत और अभिषेक ने 1-1 गोल किया। इसी के साथ भारत ने 15-0 के अंतर से अपना आखिरी पूल मैच भी जीत लिया।

चौथे क्वार्टर के 14वें मिनट में अभिषेक ने अपना चौथा गोल दाग दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने मैच में 15-0 की बढ़त बना ली। अभिषेक ने इससे पहले पांचवें, 8वें और 20वें मिनट में भी गोल किए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *