भारत ने फिलिस्तीन को 4-1 से हराया, कप्तान के खिलाफ विवादित इशारे पर नस्लभेद के आरोप

भारतीय अंडर-17 फुटबॉल टीम ने एएफसी अंडर-17 एशियन कप 2027 क्वालिफायर में फिलिस्तीन को 4-1 से हरा दिया। मंगलवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में मिली इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ई में लगातार तीसरा मैच जीत लिया। टीम के अब 9 अंक हो गए हैं और वह मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने के करीब पहुंच गई है। मुकाबले में फिलिस्तीन को शुरुआती 10 मिनट में रेड कार्ड मिला। वहीं, भारतीय कप्तान के खिलाफ एक विवादित इशारे को लेकर नस्लभेद के आरोप भी लगे। तेज बारिश के कारण दूसरे हाफ की शुरुआत में खेल कुछ देर रोकना पड़ा।

भारत और फिलिस्तीन दोनों ने अपने शुरुआती दो मैच जीते थे और उनके 6-6 अंक थे। इस जीत से भारत के 9 अंक हो गए हैं। अगर ग्रुप के दूसरे मैच में मलेशिया की टीम गुआम को नहीं हरा पाती है, तो भारत का क्वालिफिकेशन पक्का हो जाएगा। भारत ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। आठवें मिनट में फिलिस्तीन के मोहम्मद जम्हूर की गलती का ऋषिकेश मानवथी ने फायदा उठाया। उनके पास पर कामगोहाओ डोंगेल ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

दो मिनट बाद ही जम्हूर को रेड कार्ड दिखा दिया गया। उन्होंने भारतीय खिलाड़ी राज वाहेनबाम को किक मारी और उनके हाथ पर पैर रख दिया था। इसके बाद फिलिस्तीन को बाकी मुकाबला 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

हालांकि, एक खिलाड़ी कम होने के बावजूद फिलिस्तीन ने 33वें मिनट में बराबरी कर ली। बॉक्स में अब्देलरहमान शरीफेह को गिराए जाने पर मिली पेनल्टी को याजन खलीफा ने गोल में बदल दिया।

मैच के दौरान भारतीय कप्तान और फिलिस्तीन की जर्सी नंबर-19 पहने खिलाड़ी के बीच बहस हुई। इस दौरान फिलिस्तीनी खिलाड़ी ने कथित तौर पर ऐसा इशारा किया, जिससे लगा कि वह भारतीय कप्तान के शरीर से बदबू आने की बात कह रहा है।

इस घटना की सोशल मीडिया पर आलोचना हुई। इशारे को भारत और दक्षिण एशिया के लोगों के खिलाफ प्रचलित नस्लीय स्टीरियोटाइप से जोड़कर देखा गया।

पहले हाफ के बाद कुआलालंपुर में तेज बारिश शुरू हो गई। इसके कारण दूसरे हाफ की शुरुआत में खेल कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। दोबारा खेल शुरू होने पर भारत ने मैच पर नियंत्रण बना लिया और तीन गोल दागे।

52वां मिनट: मुकुंदो सिंह ने बॉक्स के बाहर से दमदार शॉट लगाकर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई।

60वां मिनट: मुकुंदो के कट-बैक पास पर डल्लालमुओन गांगटे ने गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया।

89वां मिनट: मुकुंदो के कॉर्नर पर जोरमदिन्थारा लालहुनमाविया ने हेडर से गोल दागकर भारत की 4-1 से जीत पक्की कर दी।