भारत का दूसरा मैच आज नामीबिया से, बीमार अभिषेक शर्मा को रिप्लेस कर सकते हैं सैमसन

टी-20 वर्ल्ड कप के 18वें मुकाबले में आज मेजबान भारत के सामने नामीबिया की चुनौती है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होना है, जिसका टॉस 6.30 बजे होगा। भारत ने पहले मैच में अमेरिका को हराया था, वहीं नामीबिया को नीदरलैंड से हार का सामना करना पड़ा। आज का मैच जीतकर टीम इंडिया ग्रुप-ए के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच सकती है। वहीं नामीबिया के पास भी जीत के साथ नंबर-2 पर पहुंचने का मौका है। पाकिस्तान 4 पॉइंट्स के साथ नंबर-1 पर है। नामीबिया ने टी-20 वर्ल्ड कप में 16 मुकाबले खेले हैं। 4 में टीम को जीत और 11 में हार मिली। एक मैच टाई भी रहा। 2022 में टीम श्रीलंका को भी हरा चुकी है। वर्ल्ड कप में नामीबिया ने एक बार भारत का सामना भी किया, लेकिन 2021 में टीम को हार मिली थी।

नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले भारत को बड़ा झटका लगा। ओपनर अभिषेक शर्मा बीमार हैं, उनका आज के मैच में खेलना मुश्किल है। अभिषेक की जगह विकेटकीपर संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। वहीं, ईशान किशन भी बुधवार को प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हो गए थे। अब देखना होगा उनकी चोट कितनी गंभीर है और वे आज खेलते हैं या नहीं। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव अमेरिका के खिलाफ 84 रन बनाकर अपना फॉर्म साबित कर चुके हैं। USA के खिलाफ मोहम्मद सिराज ने नई गेंद से बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मुकाबले में 3 विकेट अपने नाम किए थे। तब अर्शदीप सिंह को 2 विकेट मिले थे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंजरी से रिकवर होने के बाद आज वापसी करेंगे। ऐसे में अर्शदीप या सिराज में से किसी एक गेंदबाज को बेंच पर बैठना पड़ सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *