अंडर-19 एशिया कप में भारत Vs पाकिस्तान 8 नवंबर को, 8 टीमों के बीच 5 नवंबर से टूर्नामेंट
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने अंडर-19 एशिया कप 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है। टूर्नामेंट 5 नवंबर से ओमान में शुरू होगा और 14 नवंबर को फाइनल खेला जाएगा। इस बार 8 टीमें खिताब के लिए उतरेंगी और सभी मुकाबले मस्कट स्थित ओमान क्रिकेट अकादमी (OCA) के ग्राउंड-1 और ग्राउंड-2 पर खेले जाएंगे।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 6 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी। इसके दो दिन बाद 8 नवंबर को पाकिस्तान से मुकाबला होगा। ग्रुप स्टेज में भारत का आखिरी मैच 10 नवंबर को UAE के खिलाफ होगा। टूर्नामेंट 50-ओवर फॉर्मेट में होगा और कुल 15 मुकाबले खेले जाएंगे। भारत को ग्रुप-A में पाकिस्तान, UAE और नेपाल के साथ रखा गया है। वहीं ग्रुप-B में बांग्लादेश, अफगानिस्तान, श्रीलंका और मलेशिया शामिल हैं।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 5 नवंबर को श्रीलंका U-19 और मलेशिया U-19 के बीच होगा। इसी दिन ग्रुप-B में बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीमें भी आमने-सामने होंगी। दोनों मुकाबले सुबह 10:30 बजे शुरू होंगे। श्रीलंका-मलेशिया मैच OCA ग्राउंड-2 और बांग्लादेश-अफगानिस्तान मैच OCA ग्राउंड-1 पर खेला जाएगा।
पाकिस्तान मौजूदा चैंपियन है। पिछले सीजन के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर खिताब जीता था। यह पाकिस्तान का अंडर-19 एशिया कप में दूसरा खिताब था। भारत ने अंडर-19 एशिया कप के 8 खिताब 1989, 2003, 2012, 2013-14, 2016, 2018, 2019 और 2021 में जीते हैं। 2012 में भारत और पाकिस्तान संयुक्त विजेता रहे थे। बांग्लादेश ने 2023 और 2024 में लगातार दो खिताब जीते, जबकि अफगानिस्तान 2017 में पहली बार चैंपियन बना।
