भारत पहली बार स्क्वॉश वर्ल्ड कप चैंपियन बना, हॉन्गकॉन्ग को 3-0 से हराकर, PM ने दी बधाई
चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में खेले गए स्क्वॉश वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय मिक्स्ड टीम ने हॉन्गकॉन्ग को 3-0 से हराकर इतिहास रच दिया। यह मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत का पहला गोल्ड मेडल है। इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2023 में ब्रॉन्ज मेडल रहा था। इस टूर्नामेंट में 12 टीमों ने शॉर्ट और फास्ट फॉर्मेट में हिस्सा लिया। भारत ने सेमीफाइनल में मजबूत मानी जाने वाली मिस्र की टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा शुरू से अंत तक बना रहा। भारतीय टीम की अगुआई दिग्गज खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने की। फाइनल के पहले मुकाबले में जोशना ने हांगकांग की यी ली (वर्ल्ड नंबर-37) को 3-1 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को 3-0 से मात दी। निर्णायक मुकाबले में 17 साल की अनाहत सिंह ने टोमेटो हो को 3-0 से हराकर भारत की ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी। भारतीय टीम में जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलावन सेंथिलकुमार और अनाहत सिंह शामिल थे। मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने स्क्वॉश वर्ल्ड कप जीत पर भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि एसडीएटी स्क्वॉश वर्ल्ड कप 2025 में पहली बार खिताब जीतकर भारतीय टीम ने इतिहास रचा है। उन्होंने जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलावन सेंथिल कुमार और अनाहत सिंह की मेहनत, समर्पण और दृढ़ निश्चय की सराहना की और कहा कि यह जीत देश के युवाओं में स्क्वैश की लोकप्रियता बढ़ाएगी।
