भारत-श्रीलंका पहला वनडे टाई, असलंका ने 3 विकेट लेकर पलटा मैच…

खेल

भारत और श्रीलंका के बीच पहला वनडे टाई हो गया है। टीम इंडिया को आखिरी 15 बॉल पर 1 रन चाहिए था और 2 ही विकेट बचे थे। श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलंका ने 48वें ओवर में 2 गेंद पर 2 विकेट लिए और भारत को 230 पर ऑलआउट कर दिया। श्रीलंका ने भी 230 रन ही बनाए थे। कोलंबो में श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलंका ने आखिरी ओवरों में 3 विकेट लेकर मैच पलटा। भारत से कप्तान रोहित शर्मा ने 58 रन बनाए। श्रीलंका के लिए 67 रन बनाने के बाद 2 विकेट लेने वाले दुनिथ वेल्लालागे प्लेयर ऑफ द मैच रहे। सीरीज का दूसरा वनडे कल कोलंबो में ही खेला जाएगा। श्रीलंका के ऑलराउंडर दुनिथ वेल्लालागे ने पहले बैटिंग और फिर बॉलिंग में आकर मैच भारत के हाथ से छीना। वेल्लालागे जब बैटिंग पर आए, तब श्रीलंका ने 101 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से उन्होंने जनिथ लियानागे के साथ 41, वनिंदु हसरंगा के साथ 36 और अकिला धनंजय के साथ 46 रन की पार्टनरशिप की। वेल्लालागे ने 67 रन बनाए और टीम का स्कोर 230 तक पहुंचाया। गेंदबाजी में फिर भारत ने बगैर नुकसान के 75 रन बना लिए थे। यहां वेल्लालागे ने शुभमन गिल और रोहित शर्मा को आउट किया और भारत के दोनों ओपनर्स को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने 39 रन देकर 2 विकेट झटके। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। श्रीलंका ने 142 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए थे। यहां हसरंगा ने 35 बॉल पर 24 रन बनाए और टीम को 200 के करीब पहुंचा दिया। उन्होंने फिर गेंदबाजी में विराट कोहली, केएल राहुल और कुलदीप यादव के अहम विकेट लिए और भारत को बैकफुट पर धकेला। स्पिन पिच पर 231 रन का टारगेट भी बड़ा होता है। यहां कप्तान रोहित शर्मा ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई, उन्होंने 47 बॉल पर ही 58 रन बनाए और भारत को तेजी से 80 रन तक पहुंचा दिया। अगर वह जल्दी आउट हो जाते तो टीम पहले ही हार भी सकती थी।