टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत से शुरुआत, USA को 29 रन से हराया, सिराज को 3 विकेट

भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में जीत से शुरुआत की है। टीम ने शनिवार के आखिरी मैच में USA को 29 रन से हराया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में USA ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाए। 162 रन का टारगेट चेज करते हुए USA की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 बॉल पर नाबाद 84 रन की पारी खेली। उन्होंने कप्तानी करते हुए 8वां अर्धशतक लगाया है। इतना ही नहीं, सूर्या ने बतौर कप्तान टी-20 इंटरनेशनल में एक हजार रन भी पूरे कर लिए हैं।
अमेरिका की ओर से शुभम रंजने और संजय कृष्णमूर्ति ने 37-37 रन बनाए। जबकि मिलिंद कुमार ने 34 रन स्कोर किए। भारत से मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। इंडिया ने 46 रन बनाने में 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भारत को अहम मौको पर विकेट दिलाए। उन्होंने पावरप्ले के अंदर अमेरिकी ओपनर एंड्रीज गौस (6 रन) और सैतेजा मुक्कामाला (2 रन) को पवेलियन भेज दिया। फिर 20वें ओवर की आखिरी बॉल पर शुभम रंजने (37 रन) को LBW कर दिया।

भारत ग्रुप-ए के पॉइंट टेबल में नंबर-1 है। जबकि पाकिस्तान दूसरे स्थान पर है। दोनों के पास 2-2 अंक हैं। क्योंकि, पाकिस्तान का नेट रन रेट भारत से कम है। नीदरलैंड और USA अपना-अपना पहला मैच हार गए हैं। नामीबिया ने अब तक कोई मैच नहीं खेला है। भारतीय टीम का अगला मैच 12 फरवरी को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा।