भारत ने हॉकी एशिया कप जीता, डिफेंडिंग चैंपियन साउथ कोरिया को 4-1 से फाइनल हराया

भारत ने मेंस हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब जीत लिया है। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रविवार को टीम इंडिया ने डिफेंडिंग चैंपियन साउथ कोरिया को 4-1 से फाइनल हराया। भारत ने चौथी बार यह खिताब जीता। इस जीत के साथ भारत ने 2026 के वर्ल्ड कप में भी जगह बना ली। भारत से फाइनल मैच के पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दाग दिया था। दूसरे क्वार्टर में फिर दिलप्रीत सिंह ने गोल दागा और भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत ने एक और गोल किया। चौथे क्वार्टर में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा और भारत को 4-0 से आगे कर दिया। साउथ कोरिया से सोन डायन ने इकलौता गोल किया।

टीम इंडिया ने 5 बार की चैंपियन साउथ कोरिया को फाइनल हराकर चौथी बार टाइटल जीता। भारत ने 2017 में मलेशिया को फाइनल हराकर आखिरी बार एशिया कप जीता था। कोरिया दूसरी बार ही रनर-अप रही। टीम को 2007 में भी भारत ने ही फाइनल हराया था। पहले क्वार्टर के पहले ही मिनट में भारत से सुखजीत सिंह ने फील्ड गोल दाग दिया। भारत को 9वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, लेकिन जुगराज सिंह गोल नहीं कर सके। पहला क्वार्टर खत्म होने के बाद भारत 1-0 से आगे रहा। दूसरे क्वार्टर के शुरुआती 10 मिनट में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं। फिर 28वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने फील्ड गोल किया और भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। साउथ कोरिया ने दबाव बनाने की कोशिश जरूर की, लेकिन टीम को गोल करने का मौका नहीं मिला। तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में भारत से दिलप्रीत सिंह ने अपना दूसरा फील्ड गोल दाग दिया। राजकुमार पाल ने उन्हें गोलपोस्ट के करीब पास दिया था, दिलप्रीत ने मौके को भुनाया और आसान सा गोल दाग दिया। इसी के साथ भारत 3-0 से आगे हो गया।

चौथे क्वार्टर के 5वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। अमित रोहिदास ने मौके को भुनाया और गोल कर दिया। अगले ही मिनट में साउथ कोरिया को भी पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। यहां सोन डायन ने गोल किया और स्कोर 4-1 कर दिया। 4-1 के स्कोर के साथ ही मैच खत्म हुआ और भारत ने चौथी बार एशिया कप जीत लिया। भारत 2025 के हॉकी एशिया कप में अजेय रहा। टीम ने पूल स्टेज में चीन, जापान और कजाकिस्तान को हराया। चीन के खिलाफ मैच करीबी रहा, बाकी दोनों मैच भारत ने एकतरफा अंदाज में जीत लिए। सुपर-4 स्टेज में भारत का इकलौता ड्रॉ मैच साउथ कोरिया के खिलाफ आया, जहां दोनों टीमें 2-2 गोल ही कर सकीं। भारत ने यहां से मलेशिया को 4-1 और चीन को 7-0 के बड़े अंतर से हरा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed