गॉल टेस्ट में भारतीय गेंदबाजों का कहर, लंच तक श्रीलंका के 5 विकेट धड़ाम

गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. आज इस मुकाबले का तीसरा दिन है. भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए. अब श्रीलंका की बल्लेबाजी चल रही है. लंच तक श्रीलंका का स्कोर पहली पारी में 99/5 है. गॉल टेस्ट मैच बारिश से प्रभावित रहा है. दो दिनों में सिर्फ 116 ओवर्स का खेल संभव हो पाया था. मुकाबले में टॉस भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने जीता था और पहले बैटिंग का निर्णय लिया था. हालांकि खराब मौसम के चलते इस मैच में नतीजा निकलना मुश्किल बहुत मुश्किल प्रतीत होता है.

श्रीलंका की पहली पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही. मोहम्मद सिराज ने दूसरी ही गेंद पर निशान मदुष्का (0 रन) को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. मदुष्का का कैच देवदत्त पडिक्कल ने लपका. इसके बाद मानव सुथार की फिरकी चली. सुथार ने अपनी दूसरी ही गेंद पर अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल (4 रन) को आउट कर टीम इंडिया को राहत दिलाई. फिर सुथार ने सलामी बल्लेबाज लाहिरू उदारा (27 रन) को भी पवेलियन भेजा, जो शानदार बैटिंग कर रहे थे. फिर कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने कामिंदु मेंडिस (14 रन) को कैच आउट कराया, जिससे श्रीलंका का स्कोर 59/4 हो गया.