नेपाल में भारी बर्फबारी के बीच फंसे 6 भारतीय पर्यटक, हेलीकॉप्टर से किया गया रेस्क्यू
नेपाल के ऊपरी डोल्पा इलाके में भारी बर्फबारी के कारण फंसे छह भारतीय पर्यटकों को सोमवार सुबह सुरक्षित निकाल लिया गया. इन पर्यटकों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल थे. सभी को हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया गया. जिला प्रशासन के मुताबिक, सभी छह पर्यटकों की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है. एक नवंबर से इन पर्यटकों का संपर्क टूट गया था और वे बर्फबारी के बीच दुर्गम पहाड़ी इलाके में फंसे हुए थे.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी. हेलीकॉप्टर सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचा और वहां फंसी दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें डोल्पा जिले के मुख्यालय दुनै पहुंचाया गया. अधिकारियों के मुताबिक, दोनों महिलाओं की तबीयत सामान्य थी. इसके बाद हेलीकॉप्टर दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा और वहां फंसे चार अन्य पुरुष पर्यटकों को भी सुरक्षित निकाल लिया गया.
डोल्पा की प्रमुख जिला अधिकारी जुनु हमाल ढकाल ने सभी छह भारतीय पर्यटकों के सुरक्षित रेस्क्यू की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है. जिला प्रशासन के अनुसार, एक नवंबर को पहली बार इन पर्यटकों के बर्फबारी के कारण फंसे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद से ही उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे थे.
हालांकि, ऊपरी डोल्पा के दुर्गम पहाड़ी इलाके में लगातार खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें आ रही थीं. प्रतिकूल मौसम के चलते हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पा रहा था. इसके अलावा, रेस्क्यू के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने में भी परेशानी हुई. इन वजहों से अभियान में देरी हुई और पर्यटकों को लंबे समय तक पहाड़ी इलाके में फंसे रहना पड़ा.
जिला प्रशासन कार्यालय, डोल्पा के मुताबिक, इन भारतीय पर्यटकों ने ऊपरी डोल्पा की यात्रा के लिए जरूरी प्रशासनिक अनुमति नहीं ली थी. पर्यटक डोल्पो बुद्ध धो से शे-फोक्सुंडो इलाके में स्थित प्रसिद्ध फोक्सुंडो झील की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान वे नुमला और वागला दर्रों के आसपास भारी बर्फबारी के बीच फंस गए. इन दोनों दर्रों के आसपास का इलाका काफी दुर्गम और ऊंचाई वाला है, जहां खराब मौसम में आवाजाही मुश्किल हो जाती है.
प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पहले ही पर्यटकों को खराब मौसम और भारी बर्फबारी के खतरे को देखते हुए पर्वतीय इलाके में यात्रा नहीं करने की सलाह दी थी. इसके बावजूद पर्यटकों ने जरूरी अनुमति के बिना जोखिम भरा रास्ता अपनाया. इसके चलते उन्हें रास्ते में गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ा. फिलहाल राहत की बात यह है कि सोमवार सुबह हेलीकॉप्टर के जरिए सभी छह भारतीय पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और सभी की हालत स्थिर बताई गई है.
