पूरा देश आज 15 जनवरी को भारतीय सेना दिवस मना रहा है। आज का दिन भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान को समर्पित है। हम अपने घरों में चैन की सांस ले रहे हैं इसके पीछे वजह हमारे देश के बहादुर प्रहरी हैं, जो जाड़ा हो, गर्मी हो और या फिर बरसात हर मौसम में बिना रूके और बिना झुके देश की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। के.एम. करियप्पा भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल थे, उन्होंने 15 जनवरी 1949 को जनरल फ्रांसिस बुचर से यह पदभार ग्रहण किया था इसलिए सेना दिवस उनको समर्पित है। देश की राष्ट्र्रपति द्रौपदी मुर्मु , प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना को इस दिन की बधाई दी है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि ‘सेना दिवस पर, मैं भारतीय सेना के कर्मियों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देती हूं। राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा करने और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणा हैं।’
