आईपीएल के बीच शोक की लहर, भारतीय क्रिकेटर की मैच के दौरान हार्ट अटैक से मौत
बेंगलुरु में एक लोकल डिवीजन क्रिकेट मैच के दौरान कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने से कर्नाटक के पूर्व रणजी क्रिकेटर एसएल अक्षय का निधन हो गया. शिवमोग्गा के रहने वाले 39 साल के अक्षय ने इससे पहले रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व किया था और वे कर्नाटक प्रीमियर लीग जिसे अब महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 कहा जाता है उसमें में भी खेले थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय केआर पुरम के एक मैदान पर थर्ड-डिवीजन का मैच खेल रहे थे. दोपहर में फील्डिंग के दौरान उन्होंने अचानक सीने में दर्द की शिकायत की. उन्हें तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अक्षय के निधन से कर्नाटक के क्रिकेट जगत को गहरा सदमा लगा है, और कई पूर्व खिलाड़ियों तथा अधिकारियों ने इस पर दुख व्यक्त किया है. भारत के पूर्व क्रिकेटर डोड्डा गणेश ने एक्स पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर लिखा, “क्रिकेट जगत के लिए बेहद बुरी खबर है. 39 साल तेज गेंदबाज एसएल अक्षय, जिन्हें मैंने उनके अंडर-19 के दिनों से बहुत करीब से देखा था आज एक डिवीजन मैच खेलने के दौरान चल बसे.”
उन्होंने आगे लिखा. “अपने दुख को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं. एक मृदुभाषी व्यक्ति, जिन्होंने 2011/12 में कर्नाटक के लिए अच्छी सफलता के साथ खेला था अब हमारे बीच नहीं रहे. आपकी आत्मा को शांति मिले अक्षय.”
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने भी अक्षय को श्रद्धांजलि दी और उनके खेल करियर के बाद युवा प्रतिभाओं को तराशने में उनकी भूमिका को याद किया. केएससीए एक बयान जारी कहा, “अक्षय ने फर्स्ट-क्लास में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व किया और अपने खेल करियर के बाद भी, खेल के प्रति अटूट जुनून और समर्पण के साथ सेवा करना जारी रखा. एक जूनियर स्तर के कोच के रूप में उन्होंने युवा क्रिकेटरों को निखारने और उनका मार्गदर्शन करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे राज्य में क्रिकेट प्रतिभाओं के विकास पर एक स्थायी प्रभाव पड़ा.”
