43 साल बाद नॉर्वे पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री, PM स्टोरे के साथ द्विपक्षीय मीटिंग की, किंग और क्वीन से मुलाकात करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो पहुंचे। यह 43 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली नॉर्वे यात्रा है। एयरपोर्ट पर नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे ने उनका स्वागत किया। मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वे नॉर्वे पहुंच गए हैं और प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि चार दशक से ज्यादा समय बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली नॉर्वे यात्रा है और उन्हें भरोसा है कि इससे भारत-नॉर्वे दोस्ती को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री स्टोरे के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इसके अलावा वे मोदी नॉर्वे के किंग हेराल्ड पंचम और क्वीन सोन्या से मुलाकात करेंगे।
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi holds a bilateral meeting with Norway PM Jonas Gahr Store in Oslo, Norway.
PM Modi will attend the third India-Nordic Summit in Oslo on May 19.
(Source: DD News) pic.twitter.com/MAmZsNkHB1
— ANI (@ANI) May 18, 2026
19 मई को ओस्लो में तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। मोदी ने कहा कि यह उनके नॉर्डिक समकक्षों से मुलाकात का शानदार अवसर होगा। इस समिट में नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क, फिनलैंड और आइसलैंड के नेता शामिल होंगे। यह भारत-नॉर्डिक समिट पहली बार 2018 में स्टॉकहोम और दूसरी बार 2022 में कोपेनहेगन में हुई थी। इस बार बैठक में ग्रीन एनर्जी, डिजिटलाइजेशन, रक्षा सहयोग, जलवायु परिवर्तन और आर्कटिक नीति जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
मोदी की यह यात्रा उनके 5 देशों के दौरे का चौथा चरण है। इससे पहले वे UAE, नीदरलैंड और स्वीडन का दौरा कर चुके हैं। इसके बाद वे इटली जाएंगे ।
