दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक इंटरनेशनल फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. हवा में उड़ान के दौरान ही पायलट को विमान के एक हिस्से से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और नजदीकी राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा. जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E1452 (फ्लाइट टाइप A321) दुबई से मुंबई के लिए उड़ान पर थी. यात्रा के दौरान दोपहर करीब 2:45 बजे फ्लाइट के कार्गो होल्ड एरिया में धुआं महसूस हुआ. ऐसे में पायलट को मे डे कॉल दिया था.

खतरे का अंदेशा होते ही राजकोट एयरपोर्ट पर दोपहर 2:45 बजे ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई. आपात स्थिति को देखते हुए तुरंत अलर्ट जारी किया गया और रनवे के आसपास पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर तैनात कर दिया गया.

पायलट के संयम और सूझबूझ के चलते विमान को दोपहर 3:27 बजे राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा लिया गया. इसमें 184 यात्री और क्रू सहित कुल 194 लोग सवार थे. सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में मुंबई रवाना किया जाएगा.

इमरजेंसी लैंडिंग की खबर मिलते ही राजकोट पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की गाड़ियों को तुरंत रनवे के पास स्टैंडबाय पर रख दिया गया था. लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

राजकोट प्रशासन ने राजकोट एयरपोर्ट के लिए 70 एम्बुलेंस रवाना की थी. राजकोट के सभी प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया था. गुजरात के मुख्यमंत्री लगातार कलेक्टर के संपर्क में थे.

राजकोट के पुलिस कमिश्नर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अब घबराने या चिंता करने की कोई स्थिति नहीं है. सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उन्हें विमान से बाहर निकाल लिया गया है.