बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर हमला, 15 राउंड फायरिंग और तलवारबाजी में 3 घायल

बिहार की राजधानी पटना से सटे मनेर इलाके में शुक्रवार की देर रात पड़ोसियों ने राज्य के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर हमला बोल दिया। मंत्री रामकृपाल यादव के समधी राजेंद्र सिंह के व्यापुर स्थित आवास पर हथियारबंद पड़ोसियों ने हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में करीब 15 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, तलवारों और लाठी-डंडों का खुलकर इस्तेमाल हुआ। तलवारबाजी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, मनेर थाना क्षेत्र के व्यापुर पूर्वी गली में देर रात पड़ोसियों ने न केवल गोलियां चलाईं, बल्कि तलवारबाजी और पत्थरबाजी भी की। तीन घायलों में रामकृपाल यादव के समधी राजेंद्र सिंह के पुत्र पप्पू, स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह के बेटे मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मनीष और नितीश का इलाज पटना एम्स में चल रहा है, जबकि पप्पू को इलाज के लिए दानापुर के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित परिवार ने चार लोगों पर हमले का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि मुकेश, स्वर्गीय सतेंद्र के बेटे दीपक और प्रिंस समेत अन्य ने मिलकर करीब 15 राउंड फायरिंग की और तलवार, लाठी और रोडेबाजी से भी हमला किया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हथियार से फायरिंग करते दिखाई दे रहा है। और गोलियों की आवाजें सुनी जा सकती हैं। सूचना मिलने के बाद मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें, मनेर विधानसभा क्षेत्र से राजद के भाई वीरेंद्र विधायक हैं।