ओडिशा में आत्मदाह के बाद घायल छात्रा की मौत, सेक्शुअल हैरेसमेंट से परेशान थी
ओडिशा के बालासोर स्थित फकीर मोहन ऑटोनॉमस कॉलेज में खुद को आग लगाने वाली 20 साल की स्टूडेंट ने सोमवार देर रात दम तोड़ दिया। छात्रा 95 फीसदी झुलस चुकी थी और पिछले 3 दिनों से भुवनेश्वर के AIIMS में जिंदगी की जंग लड़ रही थी। छात्रा की मौत के बाद लोकसभा में कांग्रेस प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया X पर लिखा- मोदी जी, ओडिशा हो या मणिपुर – देश की बेटियां जल रही हैं, दम तोड़ रही हैं। और आप? खामोश बने बैठे हैं। देश को आपकी चुप्पी नहीं, जवाब चाहिए। राहुल के इस बयान को केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान ने ओछी राजनीति करार दिया। प्रधान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि ओडिशा की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है, लेकिन कांग्रेस ने इसे भी अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का मौका बना लिया है।
ओडिशा के बालेश्वर में HOD की अश्लील हरकतों से तंग आकर एक छात्रा ने कॉलेज कैंपस में ही खुद पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा ली।
HOD की शिकायत प्रिंसिपल से कई लड़कियों ने किया लेकिन एक्शन नहीं लिया गया इसके बाद पीड़ित छात्रा ने अपनी जान देना ही उचित समझा pic.twitter.com/lTLD2zdm3r
— The News Basket (@thenewsbasket) July 13, 2025
छात्रा फकीर मोहन कॉलेज में इंटीग्रेटेड BEd कोर्स में सेकेंड ईयर की स्टूडेंट थी। उसने 12 जुलाई को हेड ऑफ डिपार्टमेंट (HOD) के सेक्शुअल हैरेसमेंट से परेशान होकर कॉलेज कैंपस में खुद पर केरोसीन छिड़ककर आग लगा ली थी। घटना से पहले वह प्रिंसिपल के पास गई थी, लेकिन प्रिंसिपल ने उसे अपनी शिकायत वापस लेने को कहा था। इसके बाद उसने आत्मदाह कर लिया था। छात्रा को पहले बालासोर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से डॉक्टरों ने AIIMS भुवनेश्वर रेफर कर दिया था। ओडिशा पुलिस ने 12 जुलाई को ही आरोपी HOD समीर कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया था। राज्य सरकार ने कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप घोष को सस्पेंड किया था। हालांकि, राज्यभर में विरोध-प्रदर्शन के बीच 14 जुलाई को पुलिस ने प्रिंसिपल को भी गिरफ्तार कर लिया।
