यहां चाव से पी जाती है कीड़ों की वाइन! तवे पर सेंक बनाई जाती है शराब!

सोशल मीडिया पर चीन की एक अनोखी और हैरान करने वाली परंपरा वायरल हो रही है. यहां लोग मिट्टी खोदकर कीड़ों को निकालते हैं और उनसे खास तरह की वाइन बनाते हैं. यह देखकर कई लोगों के होश उड़ जाते हैं, लेकिन चीन के कुछ इलाकों में यह पारंपरिक और मेडिसिनल ड्रिंक मानी जाती है. स्थानीय लोग खेतों या जंगलों में मिट्टी खोदते हैं. खास तरह के लार्वा (कीड़े) मिट्टी के अंदर पाए जाते हैं. इन्हें स्ट्रॉ या छोटे औजारों की मदद से गड्ढों से बाहर निकाला जाता है. फिर इनकी सफाई की जाती है, सुखाया जाता है और पाउडर बनाया जाता है. इस पाउडर को गर्म पानी, चावल की शराब या अन्य अल्कोहल के साथ मिलाकर वाइन तैयार की जाती है. कभी-कभी इन्हें तवे पर हल्का सेंककर भी इस्तेमाल किया जाता है.

चाइनीज ट्रेडिशनल मेडिसिन (TCM) में कीड़ों और लार्वा का इस्तेमाल सदियों से होता रहा है. इन्हें शरीर की ऊर्जा बढ़ाने, इम्यूनिटी मजबूत करने और कुछ बीमारियों के इलाज के लिए फायदेमंद माना जाता है. स्थानीय लोग मानते हैं कि यह वाइन थकान दूर करती है, खून को शुद्ध करती है और स्वास्थ्य लाभ देती है.

जब यह वीडियो वायरल हुई तो दुनिया भर के लोग हैरान रह गए. कुछ लोग इसे घिनौना बता रहे हैं तो कुछ लोग सांस्कृतिक विविधता की बात कर रहे हैं. चीन में यह कोई नई चीज नहीं है. कई क्षेत्रों में कीड़े, सांप और अन्य जीवों से बनी चीजें खाई और पी जाती हैं. चीन की खाद्य संस्कृति बेहद विविध है. वहां “कुछ भी खाया जा सकता है अगर वह पौष्टिक हो” जैसी सोच प्रचलित है. कीड़ों की वाइन भी उसी का हिस्सा है. यह सस्ती और लोकल उपलब्ध सामग्री से बनाई जाती है.