कोरबा में इंस्टाग्राम रील का खूनी अंत, पुरानी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या
कोरबा: शहर के रामसागरपारा क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर डाली गई रील को लेकर शुरू हुआ विवाद एक सप्ताह बाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रविवार देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड स्थित रामसागरपारा में 22 वर्षीय रवि यादव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने के बाद शहर में सनसनी फैल गई है। रवि यादव रविवार रात किसी काम से लौट रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश और रील विवाद को लेकर महेंद्र गंगवानी, हर्षित गंगवानी सहित अन्य युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। बताया जा रहा है कि आठ से दस युवक चाकू, लाठी, डंडा और ईंट लेकर पहुंचे थे। आरोपितों ने रवि यादव और उसके साथी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रवि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना से नाराज मृतक के स्वजन और मोहल्ले के लोगों की भीड़ आरोपितों के घर पहुंच गई। वहां खड़े वाहनों और बाइक में तोड़फोड़ की गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल तैनात किया। बताया गया कि घटना के बाद भी कुछ लोगों ने आरोपितों के घर के बाहर हंगामा किया। वहां पहले से तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले में दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य शामिल युवकों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और इंटरनेट मीडिया विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया में तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में युवकों के बीच मारपीट और हमले की घटना दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस भी वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान में जुटी है।
