बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अपमान करने का मामला सामने आया है। दरअसल एक लड़का सिगरेट पीते हुए धुआं उड़ाते सीढ़ियों से उनकी प्रतिमा तक पहुंच गया। और उनके मुंह पर सिगरेट का धुआं फूंक दिया। यही नहीं वह नेताजी की प्रतिमा को भी सिगरेट पिलाने की कोशिश कर रहा है। लड़के की इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
होली पर्व पर पुलिस ने हुड़दंगियों से निपटने तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने का दावा किया था। और चौक-चौराहों पर पुलिस जवानों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। पुलिस की तमाम सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बीच एक शर्मनाक हरकत का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बदमाश लड़का सरकंडा के सीपत चौक में लगाए गए सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर चढ़कर सिगरेट पीते हुए धुआं उड़ा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह घटना गुरुवार देर शाम की है। सरकंडा में रहने वाला 17 साल का लड़का शराब के नशे में था और इसी दौरान उसने यह हरकत की है। फिलहाल, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
स्वतंत्रता सेनानी सुभाषचंद्र बोस की मूर्ति को सिगरेट पिलाता यह नशे में धुत्त युवा बिलासपुर का है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इसे व इसके परिजनों को जमकर फटकार लगाई है। :@ranutiwari_17 @PoliceBilaspur pic.twitter.com/sRv77LC6KP
— Bastar Talkies (@BastarTalkies) March 10, 2023
लड़के की इस हरकत पर आपत्ति जताते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। ताकि, दूसरे लोगों को इससे सबक मिले। इस वीडियो को बनाते समय कोई बोल रहा है कि राघव भाई आज मूड में है।
सरकंडा थाना प्रभारी फैजूल शाह ने कहा, आरोपी नाबालिग है। लिहाजा, उसके परिजनों को भी थाना बुलाया गया है। उन्हें सख्त चेतावनी दी गई है। आरोपी के परिजन माफी मांग कर रहे हैं। पुलिस इस केस में लड़के के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि वीडियो बनाने वाले युवक ने ही पुलिस को इसकी जानकारी दी है।