शिमला में इंटरनेशनल फ्लाइंग फेस्टिवल: स्विट्जरलैंड, फ्रांस, जर्मनी सहित देशों के पैराग्लाइडर लेंगे भाग

राष्ट्रीय

हिमाचल प्रदेश के शिमला में पहली बार ‘इंटरनेशनल फ्लाइंग फेस्टिवल’ करवाया जा रहा है। इसके आयोजन से पहले आज रिज पर पैराग्लाइडिंग का ट्रायल किया गया। पर्यटन विभाग के माध्यम से शिमला के जुन्गा में 12 से 15 अक्तूबर तक फ्लाइंग फेस्टिवल चलेगा। इसमें देश के अलावा स्विटजरलैंड, फ्रांस, जर्मनी सहित अन्य यूरोपियन देशों के पैराग्लाइडर पायलट भाग लेंगे।

इस फ्लाइंग फेस्टिवल के आयोजन का मकसद प्रदेश में टूरिज्म को बढ़ावा देना है। भारी बारिश के कारण प्रदेश में टूरिज्म इंडस्ट्री को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। पहाड़ों पर तबाही के खौफ से कम लोग यहां आ रहे है। इसे कम करने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

हिमाचल पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली के अनुसार, पर्यटन कारोबार पटरी पर लौट सके, इसके लिए विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। शिमला के जुन्गा में फ्लाइंग फेस्टिवल के अलावा हमीरपुर के नादौन और कुल्लू-मनाली में भी सैलानियों को आकर्षित करने के लिए आयोजन होंगे।

नवंबर में नादौन में होगी राफ्टिंग मैराथन
पर्यटन विभाग हमीरपुर जिले के नादौन में नवंबर महीने में राफ्टिंग मैराथन करने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में विदेशी टीमें भी भाग लेंगी। ब्यास नदी में नादौन से चंबा पत्तन (देहरा) तक करीब 8 किलोमीटर यह स्पर्धा होगी। पहले यह आयोजन सितंबर में प्रस्तावित था, लेकिन बरसात से हुए भारी नुकसान के बाद अब इसे नवंबर में करवाया जाएगा।