नशे में गले में जहरीला सांप डालकर घूमता रहा युवक, कई बार डसे जाने पर अस्पताल पहुंचा, वहां से भी भागा
गौरेला थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में शराब के नशे में एक ग्रामीण पड़ोसी के घर में घुसे जहरीले सांप को पकड़कर गले में डालकर काफी देर तक गांव में घूमता रहा। इस दौरान सांप ने उसे कई बार डसा लेकिन नशे की हालत में वह खतरे को गंभीरता से नहीं समझ पाया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार संतराम भैना शराब के नशे में था। इसी दौरान उसे पता चला कि पड़ोसी के घर में फन वाला जहरीला सांप घुस गया है। सांप को पकड़ने के लिए वह मौके पर पहुंचा और उसे पकड़कर अपने गले में डाल लिया। इसके बाद वह सांप को गले में लटकाए गांव में घूमता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान सांप ने उसे कई बार डसा।
कुछ समय बाद जब संतराम की तबीयत बिगड़ने लगी और शरीर पर सांप के जहर का असर दिखाई देने लगा तो आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि बताया जा रहा है कि बाद में संतराम मौका पाकर अस्पताल से निकल गया और उसके बाद से उसका पता नहीं चल पाया है। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। अस्पताल से चले जाने के बाद उसकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है क्योंकि उसे सांप ने डसा था और समय पर इलाज नहीं मिलने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के भदौरा गांव से हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां शराब के नशे में एक ग्रामीण पड़ोसी के घर में घुसे जहरीले सांप को पकड़ने पहुंच गया। उसने सांप को पकड़कर अपने गले में लपेट लिया और काफी देर तक गांव में घूमता रहा। इस दौरान सांप ने उसे… pic.twitter.com/LpnU3wiOKj
— IBC24 News (@IBC24News) August 20, 2026
संतराम के सांप को गले में डालकर घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह जहरीले सांप को गले में लटकाए दिखाई दे रहा है। इसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं और इस तरह की हरकत को बेहद जोखिम भरा बता रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जहरीले सांप के काटने के बाद किसी भी हालत में इलाज में देरी नहीं करनी चाहिए। सांप के काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचना और चिकित्सकीय निगरानी में रहना जरूरी है। फिलहाल ग्रामीण और परिजन संतराम की तलाश कर रहे हैं और उसके सुरक्षित मिलने का इंतजार है।
