IPL में आज पहला मैच DC vs MI, टॉस थोड़ी देर में
IPL में 19वें सीजन का पहला डबल हेडर आज खेला जाएगा। पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में दोपहर 3.30 बजे से होगा, जिसका टॉस 3 बजे होना है। न्यूजीलैंड की टी-20 और वनडे टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर मुंबई इंडियंस से जुड़ गए हैं। निजी कारणों के चलते वे पहला मैच नहीं खेल सके थे। वे आज अल्लाह गजनफर की जगह ले सकते हैं। दिन का दूसरा मुकाबला गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से होगा।
मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अब तक 37 मुकाबले खेले गए, जिनमें मुंबई का पलड़ा भारी रहा। मुंबई ने 21 मैच जीते, जबकि दिल्ली को 16 में जीत मिली।
अरुण जेटली स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच 13 मैच खेले गए। दिल्ली कैपिटल्स ने 7 और मुंबई इंडियंस ने 6 जीते। अपने होमग्राउंड पर भी दिल्ली को मुंबई से कड़ी टक्कर मिलती है। दोनों के बीच पिछले सीजन 2 मैच हुए, दोनों मुंबई ने जीते थे। दोनों ही टीमों ने सीजन का आगाज जीत के साथ किया। दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पहले मैच में लखनऊ सुपरजायंट्स को 141 रन पर रोककर आसान जीत दर्ज की थी। वहीं, मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 221 रन का बड़ा टारगेट आसानी से हासिल कर लिया था।
