IPL : धोनी के बगैर उतरी CSK को RR ने हराया, वैभव सूर्यवंशी की 15 गेंद पर फिफ्टी

IPL के 19वें सीजन में एमएस धोनी के बिना उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने हार से शुरुआत की। टीम को राजस्थान रॉयल्स ने 8 विकेट से हरा दिया। गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में सोमवार को RR ने बॉलिंग चुनी। CSK 19.4 ओवर में 127 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। RR ने 12.1 ओवर में 2 ही विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।
वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 गेंद पर फिफ्टी लगा दी, वे 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के लगाए। बॉलिंग में रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने 2-2 विकेट लिए। चेन्नई से जैमी ओवरटन टॉप स्कोरर रहे, उन्होंने 43 रन बनाए। अंशुल कम्बोज को 2 विकेट मिले।

CSK के पूर्व कप्तान एमएस धोनी इंजरी के कारण 2 सप्ताह के लिए बाहर हो गए हैं। साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस भी इंजरी के कारण 3 मैच नहीं खेल सकेंगे। ऋतुराज गायकवाड कप्तानी कर रहे हैं, वहीं संजू सैमसन को ओपनिंग पोजिशन मिली। दोनों पहले मुकाबले में 6-6 रन ही बना सके।

CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड ने कहा – कंडीशंस शुरुआत में बैटिंग के लिए मुश्किल थीं। स्पिनर्स को भी मदद मिल रही थी। 3 दिन बाद हमारा दूसरा मैच है, हम अब उस पर ध्यान देंगे। टीम में बहुत से यंग प्लेयर्स हैं। इम्पैक्ट प्लेयर नियम आने के बाद पार स्कोर का पता नहीं लगा सकते। हमें बैटिंग में बेहतर करना होगा।