IPL में आज बेंगलुरु vs लखनऊ, होमग्राउंड पर LSG को अबतक नहीं हरा सकी RCB
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 23वें मैच में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना लखनऊ सुपरजायंट्स से होगा। चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा, जिसका टॉस 7 बजे होगा। RCB अपने होमग्राउंड पर LSG को एक भी मैच नहीं हरा सकी है। टीम इस सीजन 4 में से 3 मैच जीतकर तीसरे नंबर पर है, आज जीतकर टीम के पास पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 पर पहुंचने का मौका है। दूसरी ओर लखनऊ को 4 में से 2 में जीत मिली है। बेंगलुरु और लखनऊ के बीच अब तक 6 IPL मैच खेले गए। 4 में RCB और महज 2 में LSG को जीत मिली। हालांकि, लखनऊ की दोनों जीत बेंगलुरु के होमग्राउंड पर ही आई। आज का मुकाबला भी यहीं खेला जाएगा। पिछले साल दोनों टीमें लखनऊ में भिड़ी थीं, जहां RCB ने 18.4 ओवर में ही 230 रन चेज कर लिए थे।
RCB के लिए कप्तान रजत पाटीदार, विराट कोहली और फिल सॉल्ट बेहतरीन फॉर्म में नजर आए। पाटीदार 2 फिफ्टी के सहारे 195 रन बनाकर टूर्नामेंट के चौथे टॉप स्कोरर हैं। वे 30 रन बनाते ही नंबर-1 पर पहुंच जाएंगे। गेंदबाजों में जैकब डफी 6 विकेट लेकर टीम के नंबर-1 बॉलर हैं।
लखनऊ का कोई भी बैटर टूर्नामेंट में 110 रन नहीं बना सका है। टॉप स्कोरर ऐडन मार्करम लीग के बाकी बैटर्स में 30वें नंबर पर हैं। कप्तान ऋषभ पंत भी एक ही फिफ्टी लगा सके। इन दोनों के अलावा कोई 100 रन भी नहीं बना सका। गेंदबाजों में जरूर प्रिंस यादव और मोहम्मद शमी ने कमाल दिखाया है।
