IPL 2026: पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर लगा ₹12 लाख का जुर्माना, जानें इसके पीछे की वजह
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मंगलवार (31 मार्च) को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच के दौरान धीमी ओवर बनाए रखने के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पंजाब किंग्स ने इस मैच में गुजरात टाइटन्स को तीन विकेट से हराकर आईपीएल 2026 में जीत से शुरुआत की। आईपीएल ने एक बयान में कहा गया है, “आईपीएल की न्यूनतम ओवर रेट से जुड़ी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह उनकी टीम का इस सत्र का पहला अपराध था, इसलिए अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।” तेज गेंदबाज वैशाक विजयकुमार और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मिलकर पांच विकेट लिए। इससे पंजाब ने गुजरात टाइटन्स को छह विकेट पर 162 रन पर रोक दिया। पंजाब ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज कूपर कॉनली ने 44 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
पंजाब किंग्स ने कूपर कोनाली (44 गेंद में नाबाद 72 रन) के अर्धशतक और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की मदद से रोमांचक टी20 मैच में गुजरात टाइंटस को तीन विकेट से शिकस्त दी। कोनोली ने प्रभसिमरन सिह (37 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन की भागीदारी निभाई। कोनोली (पांच चौके, पांच छक्के) ने अंत में जेवियर बार्टलेट (नाबाद 11) के साथ मिलकर टीम को 19.1 ओवर में सात विकेट पर 165 रन तक पहुंचाकर जीत दिलाई।
इससे पहले लेग चहल ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए मध्य के ओवरों में गुजरात टाइटंस पर दबाव बनाने में मदद की जिससे वह छह विकेट पर 162 रन ही बना सकी। चहल ने चार ओवरों में 28 रन देकर दो विकेट झटके जबकि तेज गेंदबाज विजयकुमार विशाक ने 34 रन देकर तीन विकेट लिए। गुजरात टाइटंस ने प्रसिद्ध कृष्णा (29 रन देकर तीन विकेट) की अगुआई में पंजाब किंग्स के लगातार अंतराल पर विकेट चटकाकर दबाव बनाया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर कोनोली की सयंम से भरी धमाकेदार पारी ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
श्रेयस अय्यर ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के रोमांचक टी20 मैच में गुजरात टाइंटस को हराने के बाद कूपर कोनाली की बल्लेबाजी की प्रशंसा की जो अंत तक टिककर टीम को जीत तक ले गए। कोनोली की 44 गेंद में नाबाद 72 रन की पारी की मदद से पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से शिकस्त दी।
अय्यर इस दौरान कोनोली के शॉट से चोटिल भी हुए थे। उन्होंने मैच के बाद कहा, “‘हाथ अब अच्छी स्थिति में है। मैं सकारात्मक रहना चाहता हूं।” उन्होंने कोनोली की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा, “कोनोली ने कुछ ऐसे शॉट्स खेले जो देखने लायक थे, राशिद (खान) को जो उन्होंने बैकफ़ुट पर खेला वो अविश्वसनीय था।”
अय्यर ने आगे कहा, “मैं हाथ पर बर्फ लगा रहा था और अचानक हमने विकेट गंवाना शुरू कर दिया था। संदेश यही था कि मैच को अंत तक ले जाना है। कूपर को मैंने पहले भी प्रदर्शन करते देखा है और हमें उम्मीद है कि वह इस प्रदर्शन को जारी रखेंगे।”
