कौन है IPS आदिति सिंह, जिनके 24 दिन की छुट्टी लेने से उनके जूनियर की मौज हो गई
हिमाचल प्रदेश में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हो रहा है. एसपी के बार-बार छुट्टी लेने के कारण अब उनकी जिम्मेदारी उनके जूनियर को सौंप दी गई है. दरअसल, आईपीएस अफसर अदिति सिंह ने तीन महीनों से बार-बार छुट्टियां ले रही थीं. वह धर्मशाला में नॉर्दर्न रेंज में विजिलेंस में एसपी के पद पर तैनात थीं. बार-बार छुट्टियां लेने के कारण अब उनकी जगह विजिलेंस में एएसपी ब्रह्म दास भाटिया को एसपी का एडिशनल चार्ज सौंप दिया गया है. प्रदेश सरकार ने यह देखते हुए तुरंत ऑर्डर जारी किए कि बार-बार गैरहाजिर रहने की वजह से विजिलेंस ऑफिस के काम पर बुरा असर पड़ रहा है. डीजीपी ऑफिस की तरफ से जारी ऑफिशियल ऑर्डर के मुताबिक, IPS और SP विजिलेंस, धर्मशाला अदिति सिंह पिछले तीन महीनों में कई बार छुट्टी पर रहीं, जिससे ऑफिस का रूटीन काम प्रभावित हुआ.
ऑर्डर में बताया गया है कि एसपी अदिति सिंह ने इस दौरान कुल 24 दिन की छुट्टी ली, जिसमें 13 दिन की अर्न्ड लीव (EL), 6 दिन की कैजुअल लीव (CL), और 5 दिन की सिक लीव (SL) शामिल हैं. इसके अलावा, वह दिसंबर 2025 में मिड-करियर इंटरेक्शन प्रोग्राम में शामिल होने के लिए हेडक्वार्टर से दूर थीं.
सेंसिटिव विजिलेंस मामलों में कामकाज को आसान बनाने और रुकावट को रोकने की जरूरत का हवाला देते हुए, सरकार ने ब्रह्म दास भाटिया को एडिशनल चार्ज दिया है. यह व्यवस्था उनकी छुट्टी या हेडक्वार्टर से गैरहाज़िरी के दौरान भी लागू रहेगी. खास बात यह है कि ऑर्डर में यह साफ किया गया है कि भाटिया का रोल सिर्फ गैरहाजिरी के समय तक ही सीमित नहीं रहेगा. वह अदिति सिंह के साथ मिलकर काम करेंगे ताकि नॉर्दर्न रेंज विजिलेंस ऑफिस के कामकाज में कोई एडमिनिस्ट्रेटिव वैक्यूम या रुकावट न आए. यह आदेश तुरंत लागू हो गया है.
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वालीं 2021 बैच की IPS ऑफिसर अदिति सिंह ने COVID पीरियड के दौरान अपने पहले ही अटेम्प्ट में UPSC परीक्षा में 679वीं रैंक हासिल की. वह पहले धर्मशाला में एडिशनल SP के तौर पर काम कर चुकी हैं और सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में पोस्टेड थीं.
