ईरान का इजराइल-अमेरिका समेत अबतक 12 देशों पर हमला, अमेरिका ने 30 ईरानी जहाज डुबोए
अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज सातवां दिन है। ईरान ने अब तक अमेरिका और इजराइल समेत 12 देशों पर हमला किया है। इन देशों में UAE, कतर, बहरीन, जॉर्डन, इराक, कुवैत, ओमान, सऊदी अरब, साइप्रस, सीरिया और अजरबैजान शामिल हैं। अमेरिकी सेना ने बताया कि जंग में अब तक ईरान के 30 से ज्यादा जहाज डुबो दिए गए हैं। इनमें एक ऐसा जहाज भी शामिल है जिसे ड्रोन लॉन्च करने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी कहा है कि उनकी सेना ईरान के खिलाफ लड़ाई को और तेज करने जा रही है। अमेरिका के पास हथियार और गोला-बारूद की कोई कमी नहीं है। हालांकि राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ जमीनी हमले नहीं करेगा, क्योंकि ये समय की बर्बादी होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान को उनके बिना नया सुप्रीम लीडर नहीं चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि नए नेता के चयन में अमेरिका की भूमिका जरूरी है और बिना अमेरिका की भागीदारी के ऐसा करना वक्त की बर्बादी होगी। इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा कि ईरान अगर अमेरिका को शामिल किए बिना नया सुप्रीम लीडर चुनता है तो इसका कोई मतलब नहीं होगा। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अली खामेनेई के बेटे मुजतबा खामेनेई को संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है, लेकिन वह इसे स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नया नेता भी पुराने नेतृत्व की नीतियां जारी रखता है तो अमेरिका और ईरान के बीच आने वाले वर्षों में फिर टकराव हो सकता है। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ऐसा नेता चाहता है जो ईरान में शांति और स्थिरता ला सके।
भारत ने पहली बार ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर शोक जताया है। भारत सरकार की ओर से विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ईरान दूतावास जाकर खामेनेई के निधन पर संवेदना जताई। उन्होंने कंडोलेंस बुक (शोक पुस्तिका) पर हस्ताक्षर कर श्रद्धांजलि दी।
खामेनेई के निधन के बाद दुनियाभर के कई देशों से शोक संदेश भेजे जा रहे हैं।
