ईरान ने कई गल्फ देशों में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें दागीं, ट्रंप ने और बड़े हमले की धमकी दी
अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव एक बार फिर बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेना की ओर से ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के ठिकानों पर ताजा हवाई हमले किए जाने के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। ईरान ने मिसाइलों और ड्रोन के जरिए क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। इससे पूरे मध्य पूर्व में संघर्ष फैलने का खतरा बढ़ गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि उसने अमेरिका के खिलाफ जवाबी सैन्य अभियान शुरू कर दिया है। IRGC के मुताबिक, ईरानी सेना ने बैलिस्टिक मिसाइलों से जॉर्डन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया। ईरानी मीडिया ने यह भी दावा किया कि बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया गया। हालांकि, बहरीन में हमले की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि तत्काल नहीं हुई थी।
IRGC ने अपने बयान में अमेरिका के हमलों को ‘आक्रामक’ और ‘अंधाधुंध’ बताया और दावा किया कि जॉर्डन में अमेरिकी ठिकाने पर किए गए हमले में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए। इस दावे की तत्काल स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई और अमेरिकी अधिकारियों की ओर से अमेरिकी सैनिकों की बड़ी संख्या में मौत की बात से इनकार किया गया।
जॉर्डन की सेना के मुताबिक ईरान की ओर से दागी गईं 13 बैलिस्टिक मिसाइलें उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुईं। जॉर्डन की एयर डिफेंस प्रणाली ने इनमें से 10 मिसाइलों को रोक दिया, जबकि तीन मिसाइलें आबादी वाले इलाकों से दूर खुले क्षेत्रों में गिरीं। हमलों के दौरान जॉर्डन के कई इलाकों में हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए गए। इससे साफ है कि ईरान ने अपनी जवाबी कार्रवाई को केवल इजरायल तक सीमित रखने के बजाय क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ढांचे तक विस्तार दिया है।
ईरानी जवाबी कार्रवाई का असर दूसरे खाड़ी देशों पर भी दिखाई दिया। कुवैत की सेना ने कहा कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली शत्रुतापूर्ण ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है। इस घटनाक्रम ने यह आशंका बढ़ा दी है कि अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष अब कई देशों को अपनी चपेट में ले सकता है।
ईरान की जवाबी कार्रवाई से पहले अमेरिका ने मंगलवार को ईरान में बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने ईरान में IRGC के ठिकानों को निशाना बनाकर हमले शुरू किए। अमेरिका का कहना है कि ये हमले ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड की ओर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में वाणिज्यिक जहाजों के खिलाफ कथित हमलों और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाने की कोशिशों के जवाब में किए गए। अमेरिकी सेना ने बताया कि उसके हमलों में ईरानी एयर डिफेंस साइट्स, संचार ठिकाने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में माइन बिछाने की क्षमता से जुड़े सैन्य ठिकाने शामिल थे।
इस पूरे संघर्ष में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज सबसे महत्वपूर्ण मोर्चा बन गया है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है। अमेरिका का आरोप है कि ईरान ने यहां समुद्री जहाजों को निशाना बनाने और समुद्री मार्ग में माइंस बिछाने की कोशिश की। अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने भी संकेत दिया है कि वह खाड़ी से तेल के निर्यात को रोकने की अपनी क्षमता का इस्तेमाल कर सकता है। सोमवार को होर्मुज से निकलने वाले दो टैंकरों को नुकसान पहुंचने की खबरों के बाद तनाव और बढ़ गया था।
