ईरान-इजरायल जंग का भारत की उड़ानों पर भारी असर, रविवार को 350 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स कैंसिल

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों और खाड़ी क्षेत्र में एयरस्पेस बंद होने के बाद परिचालन बाधाएं दूसरे दिन भी जारी रहीं, जिसके चलते रविवार को इंडियन एयरलाइंस ने 350 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं. हवाई क्षेत्र बंद होने और सुरक्षा चिंताओं के चलते एयर इंडिया और इंडिगो ने भी उन उड़ानों को रद्द कर दिया जो इन एयरस्पेस का इस्तेमाल करती हैं. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रविवार को X पर पोस्ट कर बताया, ‘मध्य पूर्व में चल रही जंग से उत्पन्न एयरस्पेस प्रतिबंधों के मद्देनजर 01.03.2026 को भारतीय घरेलू एयरलाइंस द्वारा संचालित कुल 350 उड़ानें रद्द की गई हैं.’

इससे पहले रात में मंत्रालय ने X पर कहा था कि ईरान और मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों के ऊपर एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण रविवार को 444 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द होने की संभावना है. मंत्रालय ने 28 फरवरी को बताया था कि घरेलू एयरलाइंस की 410 उड़ानें रद्द हुई थीं. एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने X पोस्ट के जरिए अपनी रद्द उड़ानों की जानकारी दी. एयर इंडिया ने रविवार सुबह बताया कि उसने 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं, इसके अलावा 28 उड़ानें पहले ही 28 फरवरी को रद्द करने की घोषणा की गई थी.

स्पाइसजेट के मुताबिक यूएई से आने-जाने वाली 33 उड़ानें रद्द की गई हैं. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के लिए और वहां से आने वाली उड़ानों का निलंबन 2 मार्च तक बढ़ा दिया है. इंडिगो ने भी कहा कि मध्य पूर्व के एयरस्पेस का इस्तेमाल करने वाली चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का अस्थायी निलंबन 2 मार्च तक बढ़ा दिया गया है. सभी एयरलाइंस ने X पर पोस्ट के जरिए अपडेट दिए, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अलग से बयान जारी किया.

इस बीच मंत्रालय ने कहा कि वह एयरलाइंस, एयरपोर्ट ऑपरेटरों के साथ करीबी समन्वय में स्थिति की निगरानी कर रहा है और यात्रियों की सहायता के लिए जरूरी कदम उठा रहा है. एयरलाइंस यात्रियों को री-शेड्यूलिंग और कैंसिलेशन शुल्क में छूट भी दे रही हैं. एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि 28 फरवरी तक की गई बुकिंग, जिनकी यात्रा 5 मार्च तक तय थी, उन्हें बिना अतिरिक्त शुल्क के फ्लाइट री-शेड्यूल करने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प मिलेगा.

यह सुविधा मध्य पूर्व आने-जाने वाली उन यात्राओं के लिए है जो मौजूदा स्थिति से प्रभावित हुई हैं. रविवार को दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर कम से कम 225 उड़ानें (आगमन और प्रस्थान दोनों) रद्द की गईं.

रविवार को मुंबई और दिल्ली एयरपोर्ट पर कुल 225 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं. सूत्रों के मुताबिक, इनमें मुंबई एयरपोर्ट पर 125 और दिल्ली एयरपोर्ट पर कम से कम 100 उड़ानें शामिल हैं.
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर 60 अंतरराष्ट्रीय डिपार्चर और 40 अराइवल उड़ानें रद्द हुई हैं. दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने X पर पोस्ट कर कहा कि मध्य पूर्व की बदलती राजनीतिक स्थिति के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में व्यवधान या शेड्यूल बदलाव हो सकता है. DIAL राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन करता है.दूसरी ओर, मुंबई एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर 2:30 बजे तक कुल 125 उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें 67 प्रस्थान और 58 आगमन शामिल हैं. पश्चिम एशिया में हालात को देखते हुए पार्किंग स्पेस की कमी के कारण मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन ने शनिवार रात 9 बजे से 1 मार्च सुबह 8 बजे तक डायवर्ट होने वाली किसी भी उड़ान को स्वीकार नहीं करने के लिए NOTAM जारी किया था. यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि कई उड़ानें अपने मूल स्थान पर लौट रही थीं या नजदीकी एयरपोर्ट की ओर मोड़ी जा रही थीं. निजी ऑपरेटर मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने भी अतिरिक्त डायवर्जन स्वीकार नहीं करने के लिए NOTAM जारी किया.