ईरान ने इजराइल पर सबसे बड़ा हमला शुरू किया, अमेरिकी ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं
अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 12वां दिन है। ईरान ने दावा किया है कि उसने इजराइल के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा हमला शुरू कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने इजराइल और मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। ईरानी मीडिया की एक रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईरान इजराइल, दुबई और अबू धाबी में मौजूद अमेरिकी टेक कंपनियों के दफ्तरों और डेटा सेंटर्स को भी निशाना बना सकता है। संभावित टारगेट की सूची में गूगल, अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया, IBM और ओरेकल जैसी कंपनियों के नाम बताए गए हैं। इस बीच UNSC आज एक प्रस्ताव पर वोटिंग करने वाली है। इसमें ईरान से कहा गया है कि वो बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब, UAE और जॉर्डन पर हमले बंद करे।
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध में देश के नागरिक ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। ईरान की रेड क्रेसेंट सोसाइटी के मुताबिक अब तक करीब 19,734 नागरिक इमारतें हमलों में क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।
संस्था के शुरुआती आकलन के अनुसार हमलों में 77 मेडिकल सेंटर और 65 शैक्षणिक संस्थान भी प्रभावित हुए हैं। रेड क्रेसेंट ने बताया कि उसके 16 राहत केंद्र भी हमलों की चपेट में आए हैं। इन केंद्रों का इस्तेमाल मानवीय सहायता और राहत कार्यों के लिए किया जाता है।
