ईरान-लेबनान के बाद सीरिया में इजरायल ने बरसाए बम, कमांड सेंटर-हथियार डिपो उड़ाया
ईरान बनाम इजरायल-अमेरिका की जंग थमने की बजाय तेज होती जा रही है. एक तरफ जहां ईरान खाड़ी के देशों के तेल और गैस कुओं को टारगेट कर रहा है. वहीं इजरायल ने सीरिया में भी बमबारी शुरू कर दी है. आज जंग का 21वां दिन है. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने दावा किया है कि उन्होंने अमेरिकी सेना के एक F-35 लड़ाकू विमान पर हमला किया है जिससे उसे नुकसान पहुंचा है. जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ किया है कि फिलहाल अमेरिका मिडिल ईस्ट में अपने ग्राउंड ट्रूप्स नहीं भेज रहा है.
कुवैत ने जानकारी दी है कि मीना अल-अहमदी रिफाइनरी पर रात में ड्रोन हमला हुआ, जिससे कुछ यूनिट्स में आग लग गई. KPC के अनुसार, दमकल टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कार्रवाई की और सुरक्षा के मद्देनजर कुछ यूनिट्स को बंद कर दिया गया.
अस-सुवैदा इलाके में द्रूज समुदाय पर हुए हमलों के जवाब में इजराइली सेना (IDF) ने दक्षिणी सीरिया में सीरियाई शासन के सैन्य ढांचे पर कार्रवाई की है. आईडीएफ ने रात के दौरान दक्षिणी सीरिया में स्थित सीरियाई सैन्य ठिकानों में एक कमांड सेंटर और लड़ाकू उपकरणों को निशाना बनाया. यह कार्रवाई कल अस-सुवैदा क्षेत्र में द्रूज नागरिकों पर हुए हमलों के जवाब में की गई.
