इजराइल को धमकी देने के बाद ईरानी अफसर की मौत, कहा था- नेतन्याहू के लिए सरप्राइज तैयार

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता जनरल अली मोहम्मद नैनी की शुक्रवार को हवाई हमले में मौत हो गई। IRGC ने एक बयान जारी कर उनकी मौत की पुष्टि की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नैनी को हालिया हमले में निशाना बनाया गया। नैनी ने अपने आखिरी बयान में कहा था कि इजराइल और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के लिए ‘सरप्राइज’ तैयार है। उन्होंने दावा किया था कि ईरान की मिसाइल क्षमता अपने चरम पर है और दुश्मन को जल्द ही इसका असर देखने को मिलेगा। नैनी ने यह भी कहा था कि युद्ध के बावजूद ईरान लगातार मिसाइल उत्पादन कर रहा है और उसके पास पर्याप्त भंडार मौजूद है। लेकिन उनका यह बयान सामने आने के कुछ ही घंटों बाद IRGC ने पुष्टि की कि नैनी अमेरिकी-इजराइली हमले में मारे गए।

ईरान ने इस हमले को ‘कायराना’ करार देते हुए कहा कि यह उसके शीर्ष सैन्य नेतृत्व को निशाना बनाने की साजिश का हिस्सा है।

जंग के बीच ईरान ने इजराइल पर एक बार फिर बड़ा हमला किया है। इजराइली सेना के मुताबिक, ईरान ने दक्षिणी इजराइल की ओर मिसाइलों की नई खेप दागी है। सेना ने बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिए गए हैं और मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने की कोशिश जारी है।

इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले के बाद दक्षिणी इलाकों में सायरन बजने की चेतावनी जारी की गई है और लोगों को सुरक्षित स्थानों (शेल्टर) में जाने के लिए कहा गया है।

जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ईरान के खार्ग आइलैंड पर कब्जा करने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि ईरान पर दबाव बनाकर होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खुलवाया जा सके। अमेरिकी मीडिया एक्सिओस की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका पहले ईरान को सैन्य हमलों से कमजोर करेगा और फिर इस अहम तेल टर्मिनल पर कंट्रोल हासिल कर बातचीत में बढ़त बनाने की कोशिश करेगा। खार्ग आइलैंड ईरान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से उसके लगभग 90% तेल निर्यात होता है। हालांकि अभी तक इस योजना पर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन अमेरिकी प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती को मंजूरी दे दी है।