इजरायल का ईरानी टीवी स्टूडियो पर हमला, लाइव टेलीकॉस्ट छोड़कर भागी एंकर…Video

इजराइल ने एक बड़ा हवाई हमला कर ईरान के सरकारी टीवी मुख्यालय को निशाना बनाया. यह हमला उस वक्त हुआ जब चैनल पर सीधा प्रसारण चल रहा था. हमले से स्टूडियो में अचानक अंधेरा छा गया, मलबा चारों तरफ उड़ने लगा और इमारत में आग लग गई. यह हमला ईरान और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष के चौथे दिन हुआ, जिससे पूरे मध्य पूर्व में बड़े युद्ध की आशंका और बढ़ गई है. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, हमले के दौरान लाइव प्रसारण अचानक बंद हो गया. एक महिला रिपोर्टर ने बताया कि स्टूडियो में धूल भर गई थी और एक तेज धमाका हुआ. ईरान के राजदूत आमिर सईद इरावानी ने ईरानी टीवी स्टूडियो पर हमले को “प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा हमला” बताया और इजरायल पर “सच का सबसे बड़ा दुश्मन” होने का आरोप लगाया है. इरावानी के अनुसार, इजरायल के हमले की शुरुआत से अब तक ईरान में 220 से ज्यादा नागरिक मारे गए हैं, जिनमें 20 बच्चे भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं. इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इजराइल के खिलाफ ईरान के जवाबी हमलों में कम से कम 24 लोग मारे गए हैं और लगभग 600 घायल हुए हैं.