आयरलैंड ने इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार भारत को हराया
आयरलैंड ने पहले टी-20 मैच में भारत को 34 रन से हरा दिया। यह आयरलैंड की भारत के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली जीत है। बेलफास्ट में श्रेयस अय्यर सबसे ज्यादा टी-20 मैच खेलने के बाद भारत की कप्तानी करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा। भारत के खिलाफ खेले गए 12 इंटरनेशनल मैचों (9 टी-20, 3 वनडे) में आयरलैंड ने पहला मैच जीता। आयरलैंड इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत को हराने वाली वह 11वीं टीम बनी। साथ ही टीम अब 8 टेस्ट खेलने वाले देशों के खिलाफ जीत दर्ज कर चुकी है। अब केवल ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ उसे पहली जीत का इंतजार है।
भारत का लगातार 12 टी-20 सीरीज जीतने का सिलसिला थम गया। जनवरी 2024 के बाद पहली बार टीम कोई टी-20 सीरीज जीतने में नाकाम होगी। आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मैच खेले जाने हैं। अगर भारत अगला मैच जीत भी जाता है तो सीरीज 1-1 से ड्रॉ होगी। इससे पहले दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी।
श्रेयस अय्यर कप्तानी डेब्यू पर टी-20 हारने वाले चौथे भारतीय कप्तान बने। उनसे पहले विराट कोहली (2017), ऋषभ पंत (2022) और शुभमन गिल (2024) अपने पहले टी-20 में कप्तान के तौर पर हार चुके हैं।
मैथ्यू हॉलार्ड डेब्यू पर प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले तीसरे आयरिश खिलाड़ी बने। टी-20 डेब्यू पर यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। उन्होंने 3/28 के आंकड़े दर्ज किए, जो भारत के खिलाफ किसी भी आयरिश गेंदबाज का दूसरा और बेलफास्ट में पहला बेस्ट टी-20 प्रदर्शन है। श्रेयस भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने के बाद पहली बार कप्तानी करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने टी-20 में 113 मैच खेलने के बाद कप्तानी संभाली। श्रेयस ने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा। रोहित ने 80 मैच खेलने के बाद भारत की कप्तानी संभाली थी।
श्रेयस ने 31 साल 202 दिन की उम्र में भारत के लिए कप्तानी की। वे भारत के लिए कप्तानी में डेब्यू करने वाले तीसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। शिखर धवन 35 साल 232 दिन के साथ पहले स्थान पर हैं। शुक्रवार को शिवम दुबे का बर्थडे था। उन्होंंने बेन कैलिट्ज को आउट किया। इसके साथ ही वे जन्मदिन पर टी-20 में विकेट लेने वाले चौथे भारतीय बन गए। उनसे पहले युवराज सिंह, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ऐसा कर चुके हैं। आयरलैंड के लॉर्कन टकर बतौर टी-20 कप्तान पहली 3 पारियों में फिफ्टी लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले बरमूडा के डेलरे रॉलिन्स यह कारनामा कर चुके हैं।
