अमृतसर में ISI के दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 4 नाबालिग समेत 9 गिरफ्तार

प्रतीकात्मक चित्र

 

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े दो सीमा पार आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार नाबालिगों समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, चार पेट्रोल बम और नौ कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे कथित आईएसआई हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, मॉड्यूल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल कर आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करना था। आरोपी सुरक्षा प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों की रेकी भी कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सर्विलांस कैमरे लगाए थे। इन कैमरों से प्राप्त फुटेज कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलर्स के साथ साझा की जा रही थी।

मामले में अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिविजन थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरणों और अन्य माध्यमों से विदेशी संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित आतंकी नेटवर्क को विदेश से किस माध्यम से धन उपलब्ध कराया जा रहा था।