गरियाबंद में भव्य इस्कॉन मंदिर बनेगा, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह करेंगे भूमिपूजन, 51 फीट ऊंचा होगा शिखर
छत्तीसगढ़ : गरियाबंद जिले में आज सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह इस्कॉन मंदिर स्थल के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम जिले के छिंद तालाब क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा. इस आयोजन में छत्तीसगढ़ इस्कॉन मंदिर प्रमुख भक्ति सिद्धार्थ स्वामी महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे.
इस्कॉन मंदिर का निर्माण 15 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा. मंदिर का मुख्य शिखर करीब 51 फीट ऊंचा होगा, जो जिले की धार्मिक पहचान को एक नई ऊंचाई देगा. मंदिर परिसर को पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर आध्यात्मिक वातावरण मिल सके.
स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि इस्कॉन मंदिर के निर्माण से गरियाबंद जिले को धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर एक अलग पहचान मिलेगी. इससे न केवल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी प्रोत्साहन मिलेगा. साथ ही जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है.
