इजराइल-ईरान जंग, जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में कर्फ्यू जैसे हालात, खामेनेई की मौत के विरोध में Pok में हिंसक प्रदर्शन
ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के विरोध में सोमवार को पाकिस्तान के कब्जे वाला जम्मू-कश्मीर (PoK) में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है। गिलगित-बाल्टिस्तान में प्रदर्शनकारियों ने यूनाइटेड नेशंस के लोकल ऑफिस में आग लगाई है, जिसमें गिलगित में यूनाइटेड नेशंस डेवलपमेंट प्रोग्राम का ऑफिस भी शामिल है। वहीं स्कार्दू में एसपी ऑफिस और कई सरकारी इमारतों में भी आग लगाई गई है। प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग की वजह से 7 प्रदर्शनकारी मारे गए, 12 से ज्यादा घायल हैं। यहां पर अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित की गई है। गिलगित और स्कार्दू में सिक्योरिटी को हाईअलर्ट पर है। रविवार को पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में खामेनेई की मौत के विरोध में रविवार को हंगामा हुआ था। घुसपैठ करने वाले प्रदर्शनकारियों पर दूतावास के अंदर से गोलियां चलाई गई थीं। अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। 10 से ज्यादा घायल हैं। हंगामा इमामिया छात्र संगठन ने किया था।
भारत में भी खामेनेई की मौत के विरोध में शिया समुदाय सड़कों पर उतरा। जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में आज कर्फ्यू के हालात हैं, यहां पर इंटरनेट डाउन हैं। श्रीनगर के लालचौक पर बैरिकेडिंग की गई है। एक्स्ट्रा फोर्स भी तैनात किया गया। इंटरनेट भी डाउन किया गया है। पीएम ने बताया था कि भारत ने UAE पर हुए हमलों की निंदा की है। भारत इस मुश्किल समय में उनके साथ है। वहां रहने वाले भारतीयों का ध्यान रखने के लिए UAE का धन्यवाद है। हम तनाव कम करने, शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।
पीएम ने यह भी बताया कि इजराइल के घटनाक्रमों पर भारत ने चिंता जताई है। भारत ने नागरिकों की सुरक्षा पर जोर दिया है। यही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। भारत दुश्मनी को जल्द खत्म करने की जरूरत पर फिर से जोर देता है। ईरान में करीब 10 हजार भारतीय नागरिक रहते हैं, पढ़ते और काम करते हैं। जबकि 40,000 से ज्यादा इजराइल में रहते हैं। गल्फ और वेस्ट एशिया में करीब 90 लाख भारतीय हैं।
मिडिल-ईस्ट के बंद एयरस्पेस के चलते 1 मार्च को भारतीय घरेलू एयरलाइंस की 350 उड़ानें रद्द की गईं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति लगातार ट्रेक करते रहें।
