इजराइल-ईरान जंग : दिल्ली से 80 इंटरनेशनल उड़ानें कैंसिल, एअर इंडिया फ्लाइट से 149 यात्री दुबई से दिल्ली लौटे
इजराइल-ईरान जंग का आज चौथा दिन है। लगातार चौथे दिन दिल्ली एयरपोर्ट पर 80+ इंटरनेशनल फ्लाइट कैंसिल हैं। हालांकि आज सुबह एअर इंडिया की AI916D फ्लाइट 149 यात्री और 8 केबिन क्रू के साथ दिल्ली लैंड हुई। दुबई में फंसी भारतीय शटलर पीवी सिंधु भी वापस लौटीं। इसके अलावा सोमवार देर रात दुबई से अमीरात की 3 फ्लाइट EK500 दुबई से मुंबई, EK526 दुबई से हैदराबाद, EK568 दुबई से बेंगलुरु और EK542 दुबई से चेन्नई लैंड हुईं, इसमें 217 यात्री-क्रू सवाल थे। अबू धाबी से भी एक फ्लाइट दिल्ली लैंड हुई है। इंडिगो भी आज सऊदी अरब के जेद्दा से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए 10 स्पेशल फ्लाइट ऑपरेट कर रहा है।
वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए उड़ान शुरू कर रही है। इस बीच, अबू धाबी की एतिहाद, दुबई की एमीरात और फ्लाईदुबई ने चुनिंदा उड़ानें शुरू की हैं। अबू धाबी एयरपोर्ट से एतिहाद की 15 उड़ानें इस्लामाबाद, पेरिस, एम्सटर्डम, मुंबई, काहिरा, लंदन के लिए रवाना हुईं। भारत में ईरान सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के विरोध जारी है। शिया समुदाय लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है। जम्मू-कश्मीर का श्रीनगर आज लगातार दूसरे दिन बंद है। भारत सरकार ने सभी राज्यों को भड़काऊ भाषणों के लिए अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।
