ईरान के स्कूल पर इजरायल का घातक अटैक, 36 बच्चों की मौत, खामेनेई को अब तक का बड़ा झटका
ईरान से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर आई है जो खामेनेई के लिए सबसे बड़ा झटका हो सकती है. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ (IRNA) के मुताबिक, इजरायल के एक ताजा हवाई हमले ने मिनाब शहर के एक प्राइमरी स्कूल को अपना निशाना बनाया है. इस दुखद घटना में 36 मासूम स्टूडेंट्स की मौत हो गई है. इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान के कई शहरों पर मिसाइलें दागनीं शुरू कर दी हैं और अब ये मिसाइलें तेल व्यापार के लिए सबसे अहम माने जाने वाले शहर मिनाब तक पहुंच गई हैं.
ये अटैक दक्षिणी ईरान के होर्मोजगान प्रांत के मिनाब शहर में स्थित एक प्राइमरी गर्ल्स स्कूल पर बताया जा रहा है, जिसमें छात्राओं की मौत हुई है. ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, हमला उस समय हुआ जब स्कूल में पढ़ाई चल रही थी. इस प्राथमिक कन्या पाठशाला पर अचानक मिसाइल गिरने से 36 बच्चियों ने अपनी जान गंवा दी है.
ईरान की इस एजेंसी ने हमले के लिए सीधे तौर पर इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, इजरायली सेना (IDF) की ओर से अभी इस विशिष्ट घटना पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है.
मिनाब शहर होर्मोज के पास स्थित है, जो तेल व्यापार के लिए दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है. यहां स्कूलों पर हमला होना यह संकेत देता है कि युद्ध अब पूरी तरह से बेकाबू हो चुका है.
अब तक अमेरिका और इजरायल यह दावा कर रहे थे कि वे सिर्फ सैन्य अड्डों और परमाणु केंद्रों को निशाना बना रहे हैं, लेकिन स्कूल पर हुए इस हमले ने इन दावों पर सवालिया निशान लगा दिया है.
ईरान ने इस घटना के बाद ‘कड़ा इंतकाम’ लेने की कसम खाई है. मासूम बच्चों की मौत की खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रही है, जिससे ईरान के आम लोगों में इजरायल और अमेरिका के खिलाफ भारी गुस्सा देखा जा रहा है.
ईरान के कई शहरों में अब लोग अपने बच्चों को स्कूलों से निकालकर सुरक्षित ठिकानों और बंकरों की ओर भाग रहे हैं.
