इजरायली बने भगवान हनुमान के भक्त, पढ़ा चालीसा का पाठ, तेजी से वायरल हो रहा कैप्टन स्मित से जुड़ा VIDEO
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में आतंकी हमले को नाकाम करने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की इजरायल में जमकर तारीफ हो रही है। उनके सम्मान में एक इजरायली सिंगर ने हनुमान चालीसा भी गाई और कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को काफी पसंद किया जा रहा है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से लेकर आम नागरिक और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर तक कैप्टन स्मित के साहस को सलाम कर रहे हैं। कई लोग उन्हें बॉलीवुड के गाने भी डेडिकेट कर रहे हैं। वहीं, इजरायली सिंगर बेन राइविट्ज का हनुमान चालीसा गाने वाला वीडियो खास तौर पर चर्चा में है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पिछले हफ्ते दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट हमाम अल-हम्ममी ने कैप्टन स्मित पर हमला किया था। इस दौरान पायलट को गंभीर चोटें आईं। इसके बावजूद उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश जारी रखी और आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। इस घटना के बाद कैप्टन स्मित को इजरायल में एक बहादुर पायलट के तौर पर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
वहीं कैप्टन स्मित के प्रति सम्मान जताने के लिए इजरायल के कई कंटेंट क्रिएटर अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। किसी ने उन्हें बॉलीवुड गाना डेडिकेट किया, तो किसी ने सोशल मीडिया के जरिए उनके लिए संदेश शेयर किए। इसी बीच इजरायली सिंगर बेन राइविट्ज का एक वीडियो भी चर्चा में है। भारतीय शास्त्रीय संगीत सीखने वाले बेन राइविट्ज ने कैप्टन स्मित के लिए हनुमान चालीसा का पाठ और गायन किया। उन्होंने पायलट के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। कई लोग इसे भारत और इजरायल के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव और मुश्किल समय में एक-दूसरे के साथ खड़े होने की मिसाल बता रहे हैं।
बेन राइविट्ज अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भारतीय शास्त्रीय संगीत से जुड़े वीडियो शेयर करते हैं। खबर लिखे जाने तक इंस्टाग्राम पर उनके करीब 10 हजार फॉलोअर्स थे। उनके कई वीडियो में भारतीय संगीत की झलक देखने को मिलती है। कैप्टन स्मित के लिए हनुमान चालीसा गाना उनके लिए सम्मान जताने का एक खास तरीका माना जा रहा है। इस वीडियो के जरिए उन्होंने पायलट के प्रति अपनी शुभकामनाएं और सम्मान व्यक्त किया।
स्मित मछाड़ ने इजराइल में यहूदियों को हनुमान भक्त बना दिया। https://t.co/XCYGv3ybaG
— P.N.Rai (@PNRai1) October 7, 2026
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, को-पायलट के हमले में कैप्टन स्मित मच्छार की खोपड़ी में फ्रैक्चर हुआ था। उन्हें ‘डिप्रेस्ड फ्रैक्चर’ की चोट आई थी। हमले के बाद उनका सऊदी अरब में इमरजेंसी इलाज किया गया। डॉक्टरों ने उनकी खोपड़ी की सर्जरी की, जिसके बाद उन्हें UAE ले जाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने बताया था कि हमले के समय वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे।
उनके मुताबिक, इससे उन्हें उस कठिन परिस्थिति में हिम्मत मिली। कैप्टन स्मित के पिता ने भी बताया कि उनके परिवार में हनुमान चालीसा का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि परिवार में रात को सोने से पहले और सुबह उठने के बाद हनुमान चालीसा पढ़ने की परंपरा है। कैप्टन स्मित की बहादुरी और उनके हौसले की भारत के साथ-साथ इजरायल में भी चर्चा हो रही है। उनके लिए की जा रही प्रार्थनाएं यह दिखाती हैं कि मुश्किल समय में इंसानियत और एकजुटता की भावना सीमाओं से परे होती है।
