‘सभी बड़े मुद्दे सुलझ गए’, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सरकार का बड़ा अपडेट

भारत और अमेरिका प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते की पहली किश्त पर हस्ताक्षर करने के करीब पहुंच गए हैं। इसकी ज्‍यादातर अहम बातें पहले ही तय हो चुकी हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को यह जानकारी दी। उनकी यह प्रतिक्रिया तब आई जब अमेरिका का एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल बातचीत के एक नए दौर के लिए नई दिल्ली पहुंचा है। चल रही बातचीत के बारे में गोयल ने कहा कि अमेरिकी टीम के सदस्य 2, 3 और 4 जून को होने वाली बैठकों से पहले ही भारत पहुंचना शुरू हो गए थे। उन्‍होंने बताया, ‘जहां तक अमेरिकी टीम की बात है, कुछ सदस्य पहले ही पहुंच चुके हैं, जबकि बाकी आज रात पहुंच रहे हैं। हमारी बैठकें 2, 3 और 4 जून को होनी हैं। दोनों देशों के नेताओं ने 3 फरवरी को ही फ्रेमवर्क समझौते की घोषणा कर दी थी।’

भारत-अमेरिका व्यापार सौदे पर चल रही बातचीत के संबंध में मंत्री ने कहा, ‘सभी मुख्य बिंदु तय हो चुके हैं। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने हाल ही में कहा था कि 99% विवरण अंतिम रूप ले चुके हैं… मुझे पूरा भरोसा है कि हम अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते की पहली किश्त को जल्द से जल्द पूरा कर लेंगे।’

वह बोले, ‘हम इस पर हस्ताक्षर करेंगे और फिर आगे चलकर एक और भी ज़्यादा व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौता कैसे बनाया जाए, इस पर आगे की बातचीत शुरू करेंगे…।’

गोयल ने यह भी कहा कि इस समझौते में अमेरिका की टैरिफ संरचना में हुए बदलावों को भी ध्यान में रखा जाएगा। मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच के नेतृत्व में अमेरिका का एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल 1 से 4 जून तक चार दिवसीय भारत दौरे पर है ताकि प्रस्तावित भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर बातचीत को आगे बढ़ाया जा सके।

उम्मीद है कि इन वार्ताओं का मुख्य जोर एक अंतरिम व्यापार समझौते के विवरण को अंतिम रूप देने पर होगा।
साथ ही व्यापक द्विपक्षीय ढांचे के तहत बातचीत को आगे बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
भारत का प्रतिनिधित्व मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन के नेतृत्व वाला एक प्रतिनिधिमंडल करेगा।
वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव जैन को द्विपक्षीय व्यापार वार्ताओं की कमान सौंपी गई है।

एक बयान में मंत्रालय ने कहा, ‘चर्चाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्य वार्ताकार के नेतृत्व में अमेरिकी टीम 1 से 4 जून 2026 तक भारत का दौरा करेगी। इसमें अंतरिम समझौते के विवरण को अंतिम रूप देने और व्यापक BTA के तहत कई क्षेत्रों जैसे बाजार पहुंच, गैर-टैरिफ उपाय, सीमा शुल्क और व्यापार सुविधा, निवेश संवर्धन, इकोनॉमिक सिक्‍योरिटी अलाइनमेंट पर बातचीत को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव है।’